Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi News: रिंगरोड पर बेकाबू हुई DTC बस ने पुलिस कांस्टेबल समेत 2 को कुचला, मौत

November 5, 2024

Delhi News: रिंगरोड पर बेकाबू हुई DTC बस ने पुलिस कांस्टेबल समेत 2 को कुचला, मौत
Bus Accident : राष्ट्रीय राजधानी में मोनेस्ट्री मार्केट के पास दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बस से कुचलकर दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल समेत दो लोगों की मौत हो गई। बस में तकनीकी खराबी के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा जिसके कारण यह घटना हुई। घटना के समय बस में कोई यात्री नहीं था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात DTC चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण बस फुटपाथ पर चढ़ गई। इसके बाद यह एक खंभे से टकराई और दो लोगों को टक्कर मारने के बाद रिंग रोड पर सड़क के डिवाइडर से टकराकर रुक गई।
पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने एक बयान में कहा, ‘‘सराय काले खां से अंतरराज्यीय बस र्टिमनल (ISBT) होते हुए नंद नगरी जाने वाली हरे रंग की DTC बस में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। रात करीब 10 बजकर 38 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष (PCR) को इस संबंध में कई फोन आए, जिनमें दावा किया गया कि बस मोनेस्ट्री मार्केट के पास नियंत्रण खो बैठी है, जिससे भारी क्षति पहुंची है और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में नागालैंड निवासी एवं दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल विक्टर (27) और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। बांठिया ने कहा, ‘‘कांस्टेबल विक्टर रात्रि गश्त ड्यूटी पर थे और रात करीब नौ बजकर 45 मिनट पर वह थाने से निकले थे। दुर्घटना के समय वह PCR मोटरसाइकिल चला रहे थे। बस की चपेट में आने के बाद उन्हें सिविल लाइंस स्थित परमानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विक्टर के सिर, गर्दन और चेहरे पर कई गंभीर चोट आईं।’’
उन्होंने बताया कि विक्टर जून 2023 से सिविल लाइंस थाने में तैनात थे। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना में घायल हुए अन्य व्यक्ति को भी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया जिसकी पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि गाजीपुर निवासी बस चालक विनोद कुमार (57) को हिरासत में ले लिया गया है जिसे दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई। कुमार 2010 से DTC में चालक के पद पर कार्यरत है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना के समय बस में DTC  के एक ड्यूटी अधिकारी को छोड़कर कोई यात्री नहीं था क्योंकि वाहन में खराबी की सूचना दी गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें