नेशनल डेस्क: बुधवार सुबह बीसलपुर-बेबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा से आ रही बरेली डिपो की एक बस ने अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर जिले के हैदराबाद क्षेत्र के रहने वाले अरुण कुमार को फर्रुखाबाद में एक कार खरीदनी थी। इसी सिलसिले में वह बुधवार सुबह अपने दोस्तों ऋषभ, गौरव और अनिल के साथ फर्रुखाबाद के लिए निकले थे। कार को संजय चला रहे थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे अल्हागंज इलाके में हाईवे पर सुगसुगी पुलिया के पास सामने से गलत दिशा में आ रही बरेली डिपो की बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे उतर गए।
इस दर्दनाक हादसे में संजय, अरुण कुमार और ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गौरव और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए फर्रुखाबाद भेजा गया।
हादसे के बाद बस चालक और उसमें सवार यात्री मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में घना कोहरा भी था, जिससे दृश्यता कम हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घायलों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।

