नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में सहभागिता की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में देश की व्यापारिक क्षमता, उद्यमिता, नवाचार, एमएसएमई और आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार और उद्यमिता विकसित भारत की आर्थिक शक्ति का मजबूत आधार हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय व्यापारी, निर्माता, एमएसएमई और स्टार्टअप देश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि प्रमुख व्यापारिक केंद्र भी है। चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, नया बाजार, गांधी नगर और करोल बाग जैसे बाजार राजधानी की समृद्ध व्यापारिक विरासत के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के लिए पारदर्शी एवं व्यवसाय हितैषी वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर सांसद एवं सीएआईटी के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल और सीएआईटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रवीण खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री द्वारा दिल्ली के एमएसएमई, व्यापारियों और छोटे उद्योगों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों के सहयोग से स्वयं सहायता समूहों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

