Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

अवैध बंगलादेशीयों और पाकिस्तानियों के खिलाफ अभियान जारी, कई परिवार चिन्हित

May 3, 2025

अवैध बंगलादेशीयों और पाकिस्तानियों के खिलाफ अभियान जारी, कई परिवार चिन्हित

Campaign Against Illegal Bangladeshis : जम्मू-कश्मीर में पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों की हत्या की घटना के बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर राजस्थान में पाकिस्तानी और बंगलादेशी घुसपैठियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राजस्थान में अलवर के दौरे पर आये जयपुर पुलिस रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय पाल लाम्बा ने शनिवार को बताया कि अवैध बंगलादेशियों को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है। उनका पता लगाकर उनकी वापसी की तैयारी की जा रही है। पुलिस इस काम में लगी हुई है। दो दिन से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल उनका चिह्नीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जयपुर पुलिस रेंज में अब तक 90 बंगलादेशियों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें डिटेंशन सेंटर में भेजने की तैयारी की जा रही है। लाम्बा ने बताया कि सीकर में 34, जयपुर ग्रामीण में 14, कोटपूतली बहरोड जिले में 35, दौसा में तीन बंगलादेशियों को चिह्नित किया गया है। इसके अलावा भिवाड़ी, खैरथल और अलवर जिलों में पुलिस दल उनका पता लगाने में जुटे हैं। भिवाड़ी सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है, जहां पहले भी बंगलादेशी पकड़े गए थे। इस संबंध में उन्होंने कहा कि वहां पुलिस बंगलादेशियों की तलाश में लगी हुई है।

औद्योगिक क्षेत्र के प्रत्येक कारखाने में सत्यापन किया जा रहा है। लोगों के घरों में, हाउस मेड के रूप में या निर्माण स्थल पर जो भी मजदूर काम कर रहे हैं, उनका पता लगाकर सत्यापन किया जा रहा है। उधर, खुफिया विभाग की सूचना पर शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में 27 बंगलादेशी पकड़े गए जो 20 वर्ष पहले 10 हजार रुपये में राशन कार्ड बनवाकर रहने आए थे। उन्होंने एक दलाल के माध्यम से पश्चिमी बंगाल के रास्ते भारत में प्रवेश किया था। उन्होंने दलालों के माध्यम से राशन कार्ड बनवाये थे और मजदूरी करने के नाम पर यहां रह रहे थे। इन सभी को हिरासत में लिया गया है। ये लोग कबाड़ी, कारखाने में काम करते हैं। बहरोड़ थाना पुलिस ने भी सात बंगलादेशी और पांच म्यांमार के लोग पकड़े हैं जो अवैध रूप से भारत में रह रहे थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें