Site icon Dainik Savera Times

कर्नाटक में दर्दनाक सड़क हादसा : कार और ट्रक में जोरदार टक्कर… 6 लोगों की मौत, 2 घायल

Car and truck collide violently

Car and truck collide violently

हावेरी : कर्नाटक के हावेरी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा ब्यादगी तालुक के मोटेबेन्नूर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर हुआ, जब एक कार ने ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ब्यादगी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार तेज रफ्तार में थी और संभवत: चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह टक्कर हुई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

हादसे के कारणों की गहन जांच

ब्यादगी थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘हम हादसे के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं। सड़क पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।’’ हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य किया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की है। वहीं, धारवाड़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 218 (हुबली-विजयपुर) पर इंगलहल्ली गांव के पास मंगलवार को कार-ट्रक की टक्कर में तीन महिलाओं सहित एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पीड़ित सागर से बागलकोट जिले के कुलगेरी क्रॉस जा रहे थे, तभी उनकी कार अहमदाबाद से कोचीन जीरा ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई।

Exit mobile version