Site icon Dainik Savera Times

भोपाल-बैतूल नेशनल हाईवे पर रेलिंग तोड़ नहर में गिरी कार, 3 लोगों की डूबने से मौत

Bhopal-Betul National Highway accident

Bhopal-Betul National Highway accident

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुराने भोपाल-बैतूल नेशनल हाईवे पर पथरोटा नहर पुल के पास एक तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं।

टाउन इंस्पेक्टर संजीव सिंह के अनुसार, रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि एक कार पथरोटा नहर में गिर गई है। तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। SDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार से तीन शव बरामद किए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

SDRF की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि बचाव अभियान करीब 1 से 1.5 घंटे तक चला। कार नहर में काफी गहराई तक डूबी हुई थी, हालांकि उसकी लाइटें ऊपर से दिखाई दे रही थीं। कार को बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर की मदद ली गई।

कार से मिले एक पहचान पत्र के आधार पर मृतकों में से एक की पहचान लकी पटेल के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह स्टीयरिंग फेल होना या नशे की हालत में वाहन चलाना मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है, जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

Exit mobile version