Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

धूप से बचाने के लिए पिता ने कार में बैठाया बेटा, आग लगने से जिंदा जल गया साढ़े तीन साल का चिराग

March 29, 2026

धूप से बचाने के लिए पिता ने कार में बैठाया बेटा, आग लगने से जिंदा जल गया साढ़े तीन साल का चिराग

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के महू तहसील के सिमरोल थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक खड़ी कार में अचानक आग लगने से साढ़े तीन साल के मासूम चिराग की जलने से मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, चिराग के पिता संजय अपने एक परिचित की मदद करने सिमरोल इलाके में पहुंचे थे, जो रालामंडल के रहने वाले हैं। उनके दोस्त का डीजे वाहन खराब हो गया था, जिसे ठीक करने के लिए संजय को बुलाया गया था।

संजय अपने छोटे बेटे चिराग को साथ लेकर कार से वहां पहुंचे। उन्होंने अपनी स्विफ्ट कार खराब वाहन के पास खड़ी की और कार के आगे के दोनों शीशे थोड़े खोलकर बच्चे को अंदर बैठा दिया, ताकि वह धूप से बच सके। इसके बाद वे करीब 15 फीट दूर खड़े होकर डीजे वाहन ठीक करने लगे।

अचानक कार में लगी आग

करीब 30 मिनट तक संजय काम में लगे रहे। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। वहां से गुजर रहे लोगों ने जब यह देखा तो तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनकर संजय और उनके साथ मौजूद मनीष तुरंत कार की ओर दौड़े। उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुल सका। इसके बाद उन्होंने कार का कांच तोड़ा, लेकिन तब तक आग काफी बढ़ चुकी थी और लपटें बाहर आने लगीं।

नहीं बच सका बच्चा

मौके पर मौजूद लोगों ने पानी और फायर एक्सटिंग्यूशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मासूम चिराग पूरी तरह झुलस चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बच्चे को बचाया नहीं जा सका, जिससे परिवार में मातम छा गया।

पुलिस कर रही जांच

मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार, फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग कैसे लगी।

दिल दहला देने वाली घटना

यह हादसा बेहद दुखद है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। कुछ ही पलों में एक मासूम की जिंदगी खत्म हो गई। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है और लोग परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें