Site icon Dainik Savera Times

राहुल गाँधी का भाषण सुन व्यक्ति के हाथ से गिरी दूध से भरी बाल्टी, हुआ इतने का नुक्सान, व्यक्ति ने खटखटाया अदालत का दरवाजा

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi

Case on Rahul Gandhi : बिहार के समस्तीपुर जिले के एक व्यक्ति ने स्थानीय अदालत में एक मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वजह से उसकी दूध की एक बाल्टी गिर गयी, जिसके कारण उसे 250 रुपये का नुकसान हुआ।

यह अजीबोगरीब मुकदमा समस्तीपुर जिला निवासी एवं शिकायतकर्ता मुकेश चौधरी ने स्थानीय अदालत में दर्ज कराया है और उसने दावा किया कि पिछले सप्ताह राहुल गांधी की ओर से इंडियन स्टेट के खिलाफ लड़ाई वाली टिप्पणी सुनकर उसे झटका लगा है।

चौधरी ने आरोप लगाया, मैं इतने सदमे में था कि 50 रुपये प्रति लीटर की कीमत वाली पांच लीटर दूध से भरी मेरी बाल्टी मेरे हाथ से फिसल गई। राहुल गांधी देश की संप्रभुता को खतरे में डाल रहे थे। जिले के सोनूपुर गांव के निवासी ने मीडिया को रोसडा अनुमंडल व्यवहार न्यायालय में दायर की गई अपनी याचिका की एक प्रति भी दिखाई, जिसमें गांधी पर राजद्रोह सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा चलाने की मांग की गई है।

यह पता नहीं चल पाया है कि अदालत ने याचिका स्वीकार की है या नहीं। राहुल गांधी ने दिल्ली के इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में 15 जनवरी को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने देश की सभी संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है, इसलिए अब कांग्रेस की लड़ाई सिर्फ भाजपा और आरएसएस के खिलाफ नहीं बल्कि इंडियन स्टेट के खिलाफ भी है।

 

Exit mobile version