नेशनल डेस्क: भोपाल में त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़ आया है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की सिफारिश की है। राज्य सरकार ने इसके लिए केंद्र सरकार को सहमति पत्र भेज दिया है। माना जा रहा है कि मामले की सीबीआई जांच होने से जांच प्रक्रिया को और निष्पक्ष बनाया जा सकेगा तथा पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।
हाई कोर्ट में हुई अग्रिम जमानत पर सुनवाई
इस मामले में आरोपी समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति अवनींद्र कुमार सिंह की एकलपीठ के सामने यह मामला पेश किया गया। समर्थ सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेन्द्र सिंह ने पक्ष रखा। वहीं राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने भोपाल से केस डायरी मंगाने के लिए समय मांगा। अदालत ने दोपहर ढाई बजे तक का समय दिया, जिसके बाद मामले में दोबारा सुनवाई की जानी है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से जुड़ा हुआ है। समर्थ पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी त्विषा शर्मा को प्रताड़ित किया, जिसके कारण उनकी मौत हुई। समर्थ सिंह की ओर से कोर्ट में कहा गया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। बचाव पक्ष का कहना है कि व्हाट्सएप चैट में कहीं भी दहेज या प्रताड़ना जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। साथ ही यह भी दावा किया गया कि चैट को एडिट किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: SBI Bank Holidays: आज ही निपटा लें जरूरी काम, 6 दिन तक देश का सबसे बड़ा बैंक रहेगा बंद, देखें लिस्ट
मामला दर्ज होने के बाद से फरार है आरोपी
भोपाल पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद से समर्थ सिंह फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पहले घोषित 10 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया है। इससे पहले भोपाल की निचली अदालत से उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने हाई कोर्ट का रुख किया।
वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, 31 वर्षीय त्विषा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों का रिश्ता एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए तय हुआ था। शादी दिल्ली में हुई थी, जिसके बाद त्विषा अपने पति के साथ भोपाल में रहने लगी थीं। कुछ समय पहले वह अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। बताया जा रहा है कि उस समय वह गर्भवती भी थीं।
परिवार ने हत्या का लगाया आरोप
त्विषा शर्मा के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया। वहीं दूसरी ओर समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह का कहना है कि त्विषा मानसिक रूप से परेशान थीं और कथित रूप से नशीले पदार्थों का सेवन करती थीं। मानसिक तनाव और नशे की आदत ही इस दुखद घटना की वजह बनी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और अब सीबीआई जांच की सिफारिश के बाद इस केस पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: विनेश फोगाट को High Court से राहत, WFI को फटकार

