Site icon Dainik Savera Times

CBI ने 2,929 करोड़ रुपए के ‘आरकॉम’ मामले में अनिल अंबानी से दूसरे दिन भी की पूछताछ

नई दिल्ली: सीबीआई ने भारतीय स्टेट बैंक की शिकायत पर शुक्रवार को रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) और अनिल अंबानी के खिलाफ दर्ज 2,929 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी मामले के संबंध में उद्योगपति से लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि अनिल अंबानी सुबह करीब 10 बजे एजैंसी के मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने बैंक द्वारा कंपनी को जारी की गई ऋण निधि में धन के कथित हेरफेर, गबन और अन्य अनियमितताओं के संबंध में वीरवार को उद्योगपति से जवाब मांगा था।

अंबानी के प्रवक्ता ने वीरवार को एक बयान में कहा था, इस पेशी से अंबानी की यह प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है कि वह इस मामले में सभी एजैंसियों के साथ पूर्ण सहयोग करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से 2,929 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में सीबीआई ने पिछले साल अगस्त में अंबानी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

एसबीआई की शिकायत के अनुसार, कंपनी पर विभिन्न ऋणदाताओं का 40,000 करोड़ रुपए से अधिक का बकाया था, जिसमें अकेले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक को 2018 के आंकड़ों के अनुसार 2,929 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ। यह शिकायत अब प्राथमिकी का हिस्सा है। सीबीआई ने अंबानी और ‘आरकॉम’ के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया है।

Exit mobile version