Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्र के पास हवाई जहाज और नये संसद भवन के लिए पैसा है, लेकिन किसानों के लिए नहीं : Priyanka Gandhi

November 7, 2023

केंद्र के पास हवाई जहाज और नये संसद भवन के लिए पैसा है, लेकिन किसानों के लिए नहीं : Priyanka Gandhi

बालोदः कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उसके पास प्रधानमंत्री के लिए हवाई जहाज लेने और संसद भवन बनाने के लिए पैसा है लेकिन किसानों को देने के लिए पैसा नहीं है।गांधी ने छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक चुनावी सभा में भाजपा पर आरोप लगाया कि देश की जनता ने जो कुछ अच्छा बनाया था, उसे उसने बिगाड़ दिया या अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिया।

उन्होंने कहा कि , सरकार का जो पैसा होता है, वह सरकार का नहीं, बल्कि जनता का पैसा होता है। इसका अहसास आपको होना चाहिए। जब सरकार इसे खर्च करती है, तब पूछा जाना चाहिए कि किस काम के लिए खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने पांच वर्ष में जनता के हित के लिए काम किया, लेकिन केंद्र सरकार ने क्या किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि, भाजपा की मोदी सरकार में मोदी जी के लिए आठ हजार करोड़ रुपए मूल्य के दो जहाज खरीदे गए, जिसमें वह घूम सकें.20 हजार करोड़ रुपए खर्च कर नया संसद भवन बनाया गया। जब इसकी घोषणा हुई तब मैं उत्तर प्रदेश में थी और वहां के गन्ना किसान अपना बकाया पैसा मांगने के लिए सड़क पर थे। मोदी सरकार सौंदर्यीकरण के लिए 20 हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी लेकिन किसानों को देने के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं।

We are now on WhatsApp. Click to join

उन्होंने जातिगत जनगणना की वकालत की और कहा इससे यह पता लग सकेगा कि ओबीसी कितने हैं, दलित कितने हैं, आदिवासी भाई बहन कितने हैं, गरीब भाई बहन कितने हैं, क्योंकि जब गिनती नहीं होगी तब सही तरीके से न प्रतिनिधित्व होगा, न नीतियां बन पाएंगी। गांधी ने कहा, मोदी जी को आपने देखा होगा कि वह खुद को ओबीसी कहते हैं लेकिन जब जातिगत जनगणना की बात हो रही है तब वह कह रहे हैं कि नहीं होगी। भाजपा के नेता बौखला गए हैं और कहने लगे हैं कि कुछ भी हो जाए यह नहीं करना है। क्योंकि वह (भाजपा) जो घोषणाएं करती है, बातें करती है वह खोखली होती है। वह आपके लिए काम नहीं करना चाहती है।

उन्होंने कहा, इन्होंने जो कहा था वह कभी किया नहीं। न ही रोजगार दिलाया और न ही किसानों की आय दोगुनी हुई। किसान आज रो रहा है। जहां से रोजगार मिलता था, उसे खत्म कर दिया। छोटे काम धंधे, छोटे उद्योग उद्योगपति जो देश के इंजन थे जिससे रोजगार मिलता था, उन्हें नोटबंदी और जीएसटी लागू करके समाप्त कर दिया। गांधी ने कहा कि भाजपा ने यह कहकर उसे भी बिगाड़ दिया कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ । उन्होंने कहा कि जिसे जनता ने बनाया था, उसने उसे बिगाड़ दिया या तो अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिया।

कांग्रेस नेता ने राज्य में रमन सिंह के नेतृत्व में रही भाजपा सरकार (2003-2008) की आलोचना की और कहा कि राज्य की भाजपा सरकार को हिंसा, कुशासन और गरीबी के लिए जाना जाता था। छत्तीसगढ़ के 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होना है। आज 20 सीटों पर पहले चरण का मतदान हो रहा है। अन्य 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें