Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी की, जनगणना वाले आकर पूछेंगे ये 40 सवाल, देखें पूरी लिस्ट

August 14, 2026

केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी की, जनगणना वाले आकर पूछेंगे ये 40 सवाल, देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्लीः गृह मंत्रालय (MHA) ने भारत की जनगणना 2027 के लिए ‘हाउसहोल्ड शेड्यूल’ यानी परिवार से जुड़ी जानकारी लेने के लिए 40 सवालों की सूची जारी की है। जनगणना अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में रहने वाले लोगों से इन सवालों के आधार पर जानकारी जुटाएंगे। यह प्रक्रिया जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 8(1) के तहत केंद्र सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

 

 

जनगणना में आपसे क्या-क्या पूछा जाएगा

1. व्यक्ति की सामान्य जानकारी

सबसे पहले परिवार में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति से उसकी बुनियादी जानकारी ली जाएगी।

– नाम – व्यक्ति का पूरा नाम पूछा जाएगा।

2. परिवार के मुखिया से संबंध – परिवार के मुखिया से आपका क्या रिश्ता है, जैसे बेटा, बेटी, पत्नी, पति, माता, पिता आदि।

3. लिंग – व्यक्ति का लिंग दर्ज किया जाएगा।

4. जन्म की तारीख और उम्र – जन्म की तारीख और पूरी हो चुकी उम्र पूछी जाएगी।

5. वर्तमान वैवाहिक स्थिति – व्यक्ति शादीशुदा है, अविवाहित है, विधवा/विधुर है, तलाकशुदा है या अलग रह रहा है, इसकी जानकारी ली जाएगी।

6. शादी के समय उम्र – शादीशुदा व्यक्ति की शादी के समय उम्र पूछी जाएगी।

7. जीवनसाथी का नाम – पति या पत्नी का नाम दर्ज किया जाएगा।

2. धर्म, राष्ट्रीयता और सामाजिक पहचान

8. धर्म – व्यक्ति किस धर्म को मानता है, इसकी जानकारी ली जाएगी।

9. राष्ट्रीयता – व्यक्ति अपनी राष्ट्रीयता क्या बताता है, यह दर्ज किया जाएगा।

10. SC/ST और जाति – अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) या जाति से जुड़ी जानकारी पूछी जाएगी।

3. माता-पिता और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी

11. पिता का विवरण – पिता से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

12. माता का विवरण – माता से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

13. विकलांगता – व्यक्ति को किसी प्रकार की विकलांगता है या नहीं, इसकी जानकारी दर्ज की जाएगी।

4. भाषा और शिक्षा से जुड़े सवाल

14. मातृभाषा और अन्य भाषाएं – व्यक्ति की मातृभाषा और उसके द्वारा जानी जाने वाली अन्य भाषाओं के बारे में पूछा जाएगा।

15. साक्षरता और डिजिटल साक्षरता – व्यक्ति पढ़-लिख सकता है या नहीं और डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल की जानकारी ली जाएगी।

16. शिक्षण संस्थान में पढ़ाई – व्यक्ति वर्तमान में किसी स्कूल, कॉलेज या अन्य शिक्षण संस्थान में पढ़ रहा है या नहीं, यह पूछा जाएगा।

17. सबसे ज्यादा प्राप्त शिक्षा – व्यक्ति ने सबसे उच्च स्तर तक कितनी पढ़ाई की है और किस स्ट्रीम या विषय में पढ़ाई की है, इसकी जानकारी ली जाएगी।

5. रोजगार और काम से जुड़े सवाल

जनगणना में लोगों की आर्थिक गतिविधियों और रोजगार की स्थिति से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी।

18. पिछले साल काम किया या नहीं – पिछले एक साल में व्यक्ति ने कभी कोई काम किया है या नहीं, यह पूछा जाएगा।

19. आर्थिक गतिविधि की श्रेणी – व्यक्ति किस तरह की आर्थिक गतिविधि में शामिल है, इसकी जानकारी ली जाएगी।

20. पेशा – व्यक्ति क्या काम या नौकरी करता है, यह पूछा जाएगा।

21. उद्योग, व्यापार या सेवा का प्रकार – व्यक्ति जिस संस्था, व्यवसाय या सेवा से जुड़ा है, उसका प्रकार दर्ज किया जाएगा।

22. कामगार का वर्ग – व्यक्ति किस प्रकार का कामगार है, जैसे कर्मचारी, स्वरोजगार आदि, इसकी जानकारी ली जाएगी।

23. गैर-आर्थिक गतिविधि – जो लोग काम नहीं करते या सीमांत/अर्ध-सीमांत कामगार हैं, उनसे उनकी गैर-आर्थिक गतिविधि के बारे में पूछा जाएगा।

24. काम की तलाश या काम के लिए उपलब्धता – जो लोग काम नहीं कर रहे हैं, उनसे पूछा जाएगा कि वे काम की तलाश कर रहे हैं या काम करने के लिए उपलब्ध हैं।

25. काम की जगह तक आने-जाने की जानकारी – व्यक्ति अपने काम की जगह तक कैसे और किस तरह आता-जाता है, इससे जुड़ी जानकारी ली जाएगी।

6. जन्म, प्रवास और रहने की जगह से जुड़े सवाल

26. जन्म स्थान – व्यक्ति का जन्म कहां हुआ, यह पूछा जाएगा।

27. पिछली बार रहने की जगह – वर्तमान स्थान पर आने से पहले व्यक्ति कहां रहता था, इसकी जानकारी ली जाएगी।

28. माइग्रेशन का कारण – अगर व्यक्ति एक जगह से दूसरी जगह रहने आया है, तो इसके पीछे का कारण पूछा जाएगा।

29. कितने समय से वर्तमान गांव/शहर में रह रहे हैं – पिछली बार माइग्रेशन के बाद से व्यक्ति कितने समय से वर्तमान गांव या शहर में रह रहा है, यह पूछा जाएगा।

30. स्थायी आवासीय पता – व्यक्ति का स्थायी निवास या पता दर्ज किया जाएगा।

7. महिलाओं से जुड़े विशेष सवाल

कुछ सवाल केवल उन महिलाओं से पूछे जाएंगे जो वर्तमान में शादीशुदा हैं, विधवा हैं, तलाकशुदा हैं या अलग रह रही हैं।

31. अभी जीवित बच्चों की संख्या – ऐसी महिलाओं के कितने बच्चे वर्तमान में जीवित हैं, यह पूछा जाएगा।

32. अब तक जीवित पैदा हुए बच्चों की कुल संख्या – महिला के जीवन में अब तक कितने बच्चे जीवित पैदा हुए, इसकी कुल संख्या पूछी जाएगी।

33. पिछले एक साल में जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या – वर्तमान में शादीशुदा महिलाओं से पूछा जाएगा कि पिछले एक साल में उनके कितने बच्चे जीवित पैदा हुए हैं।

8. कोविड-19, बैंक और मोबाइल से जुड़ी जानकारी

34. कोविड-19 टीकाकरण की जगह – कोविड-19 का टीका कहां लगवाया गया, इससे संबंधित जानकारी पूछी जाएगी।

35. बैंक खातों की कुल संख्या – परिवार/व्यक्ति से जुड़े बैंक खातों की कुल संख्या के बारे में जानकारी ली जाएगी।

36. मोबाइल नंबर – अगर उपलब्ध हो तो मोबाइल नंबर पूछा जाएगा।

9. पहचान से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी

जनगणना के दौरान कुछ पहचान दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा सकती है।

37. आधार नंबर – अगर उपलब्ध हो तो आधार नंबर की जानकारी ली जाएगी।

38. वोटर आईडी नंबर – अगर उपलब्ध हो तो वोटर आईडी नंबर पूछा जाएगा।

39. पासपोर्ट नंबर – अगर व्यक्ति भारतीय पासपोर्ट धारक है, तो पासपोर्ट नंबर से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

40. ड्राइविंग लाइसेंस – व्यक्ति के पास ड्राइविंग लाइसेंस है या नहीं, इसकी जानकारी ली जाएगी।

जनगणना कब शुरू होगी?
जनगणना की प्रक्रिया पूरे देश में एक ही समय पर शुरू नहीं होगी। बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना की प्रक्रिया पहले शुरू की जाएगी। गजट नोटिफिकेशन के अनुसार, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फबारी वाले इलाकों में लोगों की गिनती 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच की जाएगी। देश के बाकी हिस्सों में जनगणना की प्रक्रिया अगले साल शुरू होगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें