जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू गांव में शुक्रवार, 21 अगस्त की सुबह ‘स्कूल ठीक करो’ कैंपेन के तहत सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। CJP का आरोप है कि ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की, उन पर पत्थर और लाठियां बरसाईं तथा उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका के नेतृत्व में टीम स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी। टीम में शामिल शिवांगी शर्मा के अनुसार, गांव में पहुंचते ही कुछ लोगों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि कार्यकर्ताओं को दौड़ाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान कुछ सदस्यों के हाथ में चोट लगने की भी बात कही गई है।
सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक
यह विवाद ऐसे समय हुआ है, जब राजस्थान सरकार ने सरकारी स्कूलों को लेकर हाल ही में निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और बिना अनुमति फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी पर रोक लगाई गई है। CJP का कहना है कि इसके बावजूद वह अपने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत स्कूलों की स्थिति देखने और वहां की समस्याओं की जानकारी जुटाने के लिए पहुंची थी। संगठन का दावा है कि उसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं का सोशल ऑडिट करना और कमियों को सामने लाना है।
What the F is happening in Rajasthan?????
Goons of BJP are after the blood of Ashutosh and other CJP volunteers.
How can @PoliceRajasthan allow this kind of attack? pic.twitter.com/F3kdPwS4kD
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) August 21, 2026
‘हमें आतंकवादी और नक्सली कहा गया’
CJP कार्यकर्ता शिवांगी शर्मा ने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले लोगों ने टीम के सदस्यों को ‘आतंकवादी’ और ‘नक्सली’ तक कहा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वे इसी देश के नागरिक हैं और बच्चों की शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए स्कूलों में जा रहे हैं, तो उन्हें ‘बाहरी’ क्यों बताया जा रहा है।
शिवांगी ने कहा कि वह जयपुर में पली-बढ़ी हैं और उनका घर भी आसपास ही है। उन्होंने कहा, “मेरा घर यहां से आधे घंटे दूर है, मैं पाकिस्तान की कैसे हुई? मैं यहीं पली-बढ़ी हूं।” उन्होंने आरोप लगाया कि टीम के पहुंचने से पहले ही कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी थी और लाठियों से हमला किया गया। उनके मुताबिक, विरोध के कारण टीम को गांव के अंदर जाने से भी रोका गया।
CJP चला रही है ‘स्कूल ठीक करो’ कैंपेन
CJP पिछले कुछ दिनों से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत संगठन लोगों और अभिभावकों से अपने आसपास के सरकारी स्कूलों का जायजा लेने और वहां की समस्याओं की पहचान करने की अपील कर रहा है। संगठन का कहना है कि स्कूलों में साफ-सफाई, भवन, शौचालय, बिजली, पानी और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को देखा जाए और जरूरत पड़ने पर संबंधित मुद्दों को सामने लाया जाए। राजस्थान में इस अभियान का नेतृत्व आशुतोष रांका कर रहे हैं।
वहीं, राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की ओर से सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री और बिना अनुमति फोटो-वीडियोग्राफी को लेकर रोक के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी सरकारी आदेश और CJP के स्कूल निरीक्षण अभियान के बीच बगरू में यह विवाद सामने आया है। फिलहाल बगरू की घटना को लेकर CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना बाकी है।

