Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi से मिलीं चैंपियन बेटियां, जानें PM ने वर्ल्ड चैंपियन बेटियों से क्या-क्या बातें की, देखें वीडियो

November 6, 2025

PM Modi से मिलीं चैंपियन बेटियां, जानें PM ने वर्ल्ड चैंपियन बेटियों से क्या-क्या बातें की, देखें वीडियो

PM Modi Meets Team India : भारत की वर्ल्ड कप जीतने वाली महिला क्रिकेट टीम बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंची। इस दौरान प्रधानमंत्री ने टीम की शानदार मेहनत, जुझारूपन और वापसी की खूब तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि टीम ने शुरुआती तीन लगातार हारों के बाद भी हार नहीं मानी और मजबूत वापसी करते हुए ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत दर्ज की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग झेलने के बावजूद खिलाड़ियों ने मानसिक मजबूती और टीम स्पिरिट का शानदार उदाहरण पेश किया।

पुराने किस्से याद आए
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से कई पुरानी बातें याद कीं। उन्होंने 2017 वर्ल्ड कप की भी चर्चा की, जब टीम बिना ट्रॉफी के लौटी थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मुस्कुराते हुए कहा-“तब हम खाली हाथ लौटे थे, लेकिन इस बार जीत के साथ वापस आए हैं।”

हरमनप्रीत ने पूछा– आप सब कैसे संभाल लेते हैं?
हरमनप्रीत कौर ने प्रधानमंत्री से पूछा कि वह इतने कामों के बीच सब कुछ कैसे मैनेज कर लेते हैं? इस पर मोदी ने हँसते हुए कहा-“समय के साथ यह मेरी जिंदगी का हिस्सा और आदत बन गई है।” टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्दों ने उन्हें नया मोटिवेशन दिया है।

पीएम मोदी ने किए यादगार पलों का जिक्र
मुलाकात के दौरान मोदी ने टीम की कई शानदार यादें साझा कीं। उन्होंने हरलीन देओल के 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार कैच को याद किया और बताया कि उस वक्त उन्होंने इस कैच पर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया था। उन्होंने हरमनप्रीत के वर्ल्ड कप फाइनल के आखिरी गेंद वाले कैच का भी जिक्र किया। इस पर हरमनप्रीत मुस्कुराईं और बोलीं -“वो गेंद मेरे पास आ गई, ये मेरी किस्मत थी।”

 

अमनजोत के कैच पर मजेदार कमेंट
पीएम मोदी ने अमनजोत कौर के फाइनल में juggling कैच की बात करते हुए मुस्कुराकर कहा- “जब तुम कैच ले रही थीं, तब गेंद को देख रही होंगी, लेकिन कैच लेने के बाद ट्रॉफी को देख रही होंगी।”

दीप्ति शर्मा से पीएम  ने हनुमान जी का किया जिक्र
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने बताया कि वह 2017 से प्रधानमंत्री से मिलने का इंतजार कर रही थीं। जब पीएम ने उनके इंस्टाग्राम बायो में लिखे “जय श्री राम” और उनके हाथ पर बने हनुमान जी के टैटू की बात की, तो दीप्ति मुस्कुराईं और बोलीं -“यही मुझे शक्ति देते हैं।”

 

प्रधानमंत्री ने दिया फिटनेस संदेश
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से कहा कि वे देशभर में, खासकर लड़कियों के बीच, ‘फिट इंडिया’ का संदेश फैलाएं। उन्होंने बढ़ते मोटापे पर चिंता जताई और कहा कि हर किसी को फिटनेस और शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने पुराने स्कूलों का दौरा करें और बच्चों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करें।

क्रांति गौड़ ने कहा, मेरा भाई बहुत बड़े फैन हैं…
क्रांति गौड़ ने प्रधानमंत्री से कहा कि उनके भाई उनके बहुत बड़े फैन हैं। इस पर मोदी ने उन्हें अपने घर आने का निमंत्रण दिया। अब सभी खिलाड़ी अपने-अपने गृह नगर लौटेंगी। हालांकि, शेफाली वर्मा नागालैंड जाएंगी, जहां वह इंटर-जोनल टी20 टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन टीम की कप्तानी करेंगी।

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराया था 
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप जीता। यह जीत महिला क्रिकेट के इतिहास में एक ऐतिहासिक पल बन गई। भारत अब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बाद वर्ल्ड कप जीतने वाली चौथी टीम बन गया है।

ये भी पढ़ेंः Bihar Election Phase 1 Voting: पीएम मोदी ने लोगों से की अपील, ‘पहले मतदान, फिर जलपान’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें