Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

3 घंटे का सफर 13 घंटे में पूरा कर घर पहुंचे चंद्रबाबू नायडू, 52 दिनों बाद जेल से आए बाहर…स्वागत में उमड़ी भीड़

November 1, 2023

3 घंटे का सफर 13 घंटे में पूरा कर घर पहुंचे चंद्रबाबू नायडू, 52 दिनों बाद जेल से आए बाहर…स्वागत में उमड़ी भीड़

नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (former Chief Minister N. Chandrababu Naidu) राजमुंदरी जेल ( Rajahmundry Jail) से बाहर आने के 13 घंटे बाद बुधवार सुबह जब अपने आवास पर पहुंचे, तो उनके परिवारजन और कार्यकर्त्ता भावुक हो गए। वहीं इस दौरान नायडू भी भावुक हो गए। दरअसल परिवार के सदस्यों और समर्थकों के गर्मजोशी से स्वागत के लिए पहुंचे नायडू उस समय भावुक हो गए, जब उनके कुछ रिश्तेदार उन्हें गले लगाते समय रोने लगे।

 

तेलुगु देशम पार्टी (TDP) प्रमुख ने उन्हें सांत्वना दी और साहस रखने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा में भाग लिया। नायडू सुबह 5 बजे के बाद उंदावल्ली स्थित अपने आवास पहुंचे। उनकी पत्नी भुवनेश्वरी ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। पुजारियों ने विभिन्न अनुष्ठान किए। बड़ी संख्या में TDP की महिला नेता और कार्यकर्ता हाथों में ‘गुम्मदिकाया’ (कद्दू) लेकर कतार में खड़ी थीं। सभी ने कद्दू तोड़े क्योंकि यह कार्य शुभ माना जाता है।

 

कौशल विकास निगम मामले में 52 दिन न्यायिक हिरासत में बिताने के बाद, स्वास्थ्य आधार पर आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा दी गई अंतरिम जमानत के बाद नायडू मंगलवार को जेल से बाहर आए थे। नायडू मंगलवार शाम करीब 4.40 बजे राजमुंदरी सेंट्रल जेल से बाहर निकले थे। उनके परिवार के सदस्यों, TDP नेताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देने के बाद, वह वाहनों के एक विशाल काफिले में अमरावती के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए।

 

पूरे रास्ते में हजारों समर्थकों ने 73 वर्षीय नायडू का गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह उनके स्वागत के लिए स्त्री-पुरुष कतार में खड़े थे। वे पुष्पवर्षा कर रहे थे और ‘जय बाबू, जय-जय बाबू’ के नारे लगा रहे थे। आधी रात के बाद भी उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उमड़ पड़े। भारी भीड़ के कारण मार्ग में कई स्थानों पर यातायात जाम हो गया। नायडू ने अपनी कार में बैठकर भीड़ की ओर हाथ हिलाया।

 

जनता के जबरदस्त समर्थन से वह प्रभावित हुए। 186 किमी की दूरी तय करने में 13 घंटे लगे, जो सामान्य तौर पर साढ़े तीन घंटे लगते हैं। बता दें कि आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य आधार पर नायडू को 4 हफ्ते के लिए अंतरिम जमानत दे दी। अदालत ने उनसे 29 नवंबर को अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने को कहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें