नेशनल डेस्क: उत्तराखंड में होने वाली विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार, 6 मार्च से शुरू हो गया है। पर्यटन विभाग ने इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। अब श्रद्धालु सुबह 7 बजे से आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं, जिससे वे यात्रा में शामिल हो सकें।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। यात्रा शुरू होने के साथ ही अलग-अलग तिथियों पर चारों धामों के कपाट भी खोले जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
चारधाम यात्रा में जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए श्रद्धालु पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in या Tourist Care Uttarakhand मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इससे प्रशासन को यात्रियों की संख्या का सही अनुमान लगाने और यात्रा को सुरक्षित तथा व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
प्रशासन ने इस बार भारतीय और विदेशी दोनों तरह के श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई है। भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड की मदद से आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और विदेशी श्रद्धालु ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण कर पाएंगे। इससे यात्रा प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने की कोशिश की गई है।
जो श्रद्धालु किसी कारण से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाएंगे, उनके लिए ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 17 अप्रैल से शुरू होगा, यानी यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले। इसके लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में विशेष पंजीकरण काउंटर बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु सीधे जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 भी जारी किया है। यह नंबर 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इस हेल्पलाइन पर कॉल करके यात्री यात्रा से जुड़ी जानकारी, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और अन्य जरूरी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस साल चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। यात्रा मार्गों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग के अनुसार यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल 2026 को खुलेंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। चारधाम यात्रा शुरू होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन पवित्र धामों के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...