Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chennai Airport: चलती फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर यात्री कूदा, मची अफरातफरी

May 3, 2026

Chennai Airport: चलती फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर यात्री कूदा, मची अफरातफरी

नेशनल डेस्क: रविवार सुबह चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। शारजाह से चेन्नई आई एयर अरेबिया की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने अचानक विमान का इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया और बाहर कूद गया। इस फ्लाइट में कुल 231 यात्री सवार थे।

यह घटना उस समय हुई जब विमान सुरक्षित लैंडिंग के बाद रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। तभी 34 साल के एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोल दिया और नीचे छलांग लगा दी। यह देखकर बाकी यात्रियों में डर और अफरातफरी फैल गई।

विमान को रोका, सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया

पायलट ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए विमान को रोका और ग्राउंड स्टाफ व सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। कुछ ही मिनटों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंच गए। उनके साथ बम निरोधक दस्ता भी एहतियात के तौर पर मौजूद था।

सुरक्षाकर्मियों ने यात्री को पकड़कर हिरासत में लिया 

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उस यात्री की तबीयत यात्रा के दौरान खराब हो गई थी। उसे घबराहट और उल्टी की शिकायत थी, और उसने फ्लाइट के अंदर दो बार उल्टी भी की थी। माना जा रहा है कि इसी बेचैनी के कारण उसने यह खतरनाक कदम उठाया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उस यात्री को पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पायलट ने इस घटना की आधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही

अभी तक यात्री की पूरी पहचान सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले का रहने वाला है। पुलिस और अन्य एजेंसियां इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। साथ ही डॉक्टरों की टीम उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है, ताकि यह समझा जा सके कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। इस घटना से एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया और समय पर कार्रवाई होने से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित रही।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें