नेशनल डेस्क। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कांकेर में 5 इनामी नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन सभी पर कुल 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने अपने ऑटोमैटिक हथियार भी पुलिस को सौंप दिए। कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
एसपी के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वालों में एक डिवीजन कमांडर चंदर, दो एरिया कमांडर और दो पार्टी सदस्य शामिल हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ सरकार सरेंडर करने वाले नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पुनर्वास कार्यक्रम चला रही है। इसके तहत उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
सरेंडर करने वाले नक्सली सीख रहे बुनाई का काम
छत्तीसगढ़ सरकार का ग्रामोद्योग विभाग पूर्व नक्सली कैडरों को रोजगार से जोड़ने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहा है। इसके तहत उन्हें हथकरघा और बुनाई मशीन चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने हुनर के दम पर आजीविका कमा सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें। इस पहल के तहत राज्य के अलग-अलग जिलों में प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले में चल रहे एक हैंडलूम प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक महिला समेत तीन आत्मसमर्पित नक्सली कपड़ा बनाने और बुनाई की तकनीक सीख रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप बस्तर संभाग के पुनर्वास केंद्रों में ग्रामोद्योग विभाग ने यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है।
4 महीने की ट्रेनिंग के बाद घर पर मिलेगा करघा
ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश राणा ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को चार महीने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें उनके घर पर ही एक करघा उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे खुद का काम शुरू कर सकें और नियमित आमदनी कर सकें। राणा के मुताबिक, बस्तर संभाग के पांच जिलों में यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। फिलहाल दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और सुकमा के अलग-अलग पुनर्वास केंद्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आत्मसमर्पित महिला नक्सली ने बताई अपनी कहानी
ANI से बातचीत में बीजापुर जिले की आत्मसमर्पित नक्सली गागरी ने बताया कि उसने वर्ष 2025 में प्रतिबंधित संगठन छोड़ दिया था। अब वह दंतेवाड़ा में कपड़ा बनाने और बुनाई मशीन चलाने का प्रशिक्षण ले रही है। गागरी ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वह अपने गांव लौट जाएगी और वहां कपड़े बनाकर बेचेगी। इससे वह अपनी आजीविका चला सकेगी और आत्मनिर्भर बन पाएगी।
पहले संगठन के लिए जुटाती थी राशन और जरूरी सामान
दंतेवाड़ा के रहने वाले लिंगू कुदामी ने भी अपने पुराने जीवन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2021 में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने बताया कि नक्सली संगठन छोड़ने से पहले वह दलम के लिए चावल, राशन, सब्जियां और खाने-पीने की अन्य जरूरी चीजें जुटाने का काम करते थे। इसके अलावा, संगठन के सदस्यों के आने-जाने के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं देखना और उनकी मांगों को पूरा करना भी उनकी जिम्मेदारी थी।