Site icon Dainik Savera Times

छत्तीसगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की

दंतेवाड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी थे। चौदहवीं शताब्दी में निर्मित धार्मिक स्थल दंतेश्वरी मंदिर देवी दंतेश्वरी को समर्पित है। यह मंदिर दक्षिण बस्तर क्षेत्र में राजधानी रायपुर से लगभग 400 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा शहर में स्थित है। नवरात्र (चैत्र नवरात्र और शारदीय नवरात्र) के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। राज्य के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे शाह का यहां राज्य सरकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बस्तर पंडुम के समापन समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके बाद शाह नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा बलों के कमांडरों से बातचीत करेंगे।

शाम को वह दिल्ली रवाना होने से पहले शाम 5.20 बजे नया रायपुर के एक होटल में नक्सल विरोधी अभियानों और समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। भाजपा के सत्ता में आने के बाद से छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान तेज हो गए हैं। सुरक्षा बलों ने जनवरी से अब तक कई मुठभेड़ों में करीब 350 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें से ज्यादातर बस्तर क्षेत्र में हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा है कि केंद्र सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया है। बस्तर क्षेत्र में 29 मार्च को हुई दो मुठभेड़ों में 11 महिलाओं समेत 18 नक्सली मारे गए थे। शाह ने मंगलवार (एक अप्रैल) को बताया था कि भारत ने वामपंथी उग्रवाद से सबसे अधिक प्रभावित जिलों की संख्या को 12 से घटाकर छह कर लिया है जो एक बड़ी उपलब्धि है।

ये भी पढ़ें: Jammu Kashmir: लश्कर मॉड्यूल का भंडाफोड़, फरार आतंकी हुरैरा समेत 5 LeT आतंकी 10 दिन की रिमांड पर भेजे

Exit mobile version