Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chhattisgarh Elections : CM Bhupesh Baghel ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का किया अनुरोध

November 17, 2023

Chhattisgarh Elections : CM Bhupesh Baghel ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का किया अनुरोध

रायपुरः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया। राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को दूसरे और अंतिम चरण में शेष सभी 70 सीटों पर मतदान हो रहा है। 7 नवंबर को पहले चरण में 20 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था। पीटीआई वीडियो को दिए एक साक्षात्कार में बघेल ने विश्वास जताया कि कांग्रेस 75 से अधिक सीटें जीतकर राज्य में एक बार फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा चुनाव उनके चेहरे पर लड़ा जा रहा है, लेकिन अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा।

सीएम बघेल ने कहा, कि 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण आज चल रहा है, लोगों को लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेना चाहिए। किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए लोगों को अपने घरों से बाहर निकलना चाहिए तथा बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस के चुनावी वादों का हवाला दिया, जिसमें किसानों से 3200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीद, कृषि ऋण माफी, केजी से पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) तक मुफ्त शिक्षा, भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रुपए की वार्षकि सहायता और गृह लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 15 हजार रुपये की वार्षकि सहायता जैसे वादे शामिल हैं।

गृह लक्ष्मी योजना जिसकी घोषणा पहले चरण के मतदान के बाद 12 नवंबर को की गई थी, के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, कि कर्नाटक सहित अन्य कांग्रेस शासित राज्यों में हमारी ऐसी योजनाएं थीं। यह घोषणा दिवाली के अवसर पर की गई थी जिसका महत्व है। उन्होंने कहा, कि लोग हमारी सरकार द्वारा किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के हित में किए गए कार्यों से संतुष्ट हैं और इस बार हम 75 से अधिक सीटें जीतने जा रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस जीतती है तो क्या वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे, उन्होंने कहा कि यह चुनाव उनके चेहरे पर लड़ा जा रहा है लेकिन आगे का फैसला (कि सीएम कौन होगा) आलाकमान करेगा।

दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए 70 निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। इस चरण के मतदान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव, आठ राज्य मंत्रियों और चार संसद सदस्यों समेत 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। बघेल अपनी पारंपरिक पाटन सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जहां भाजपा ने उनके दूर के भतीजे और पार्टी सांसद विजय बघेल को मैदान में उतारा है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी की पाटन में उम्मीदवारी ने मुकाबले में एक नया आयाम जोड़ दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें