Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 8 लाख का इनामी नक्सली ढेर

May 3, 2025

छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 8 लाख का इनामी नक्सली ढेर

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया जिस पर आठ लाख रुपए के इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जुगाड़ थाना क्षेत्र के मोतीपानी और करीब के जंगलों में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर शुक्रवार को जिला बल, गरियाबंद जिले की विशेष इकाई ‘ई-30’ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था।

दोनों ओर से आधे घंटे तक हुई गोलीबारी 
अधिकारियों ने बताया कि जब सुरक्षाबल के जवान शाम करीब छह बजे मोतीपानी गांव के जंगल में थे तब नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि दोनों ओर से लगभग आधे घंटे तक गोलीबारी हुई और स्वयं को घिरता देख नक्सली वहां से भाग गए। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी में सुरक्षाबल के जवानों ने एक नक्सली का शव, एक एसएलआर हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किए।

अब तक 145 नक्सली मारे जा चुके
उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सली की पहचान ‘डिविजनल कमेटी’ सदस्य योगेश के रूप में हुई है। योगेश के ऊपर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ गरियाबंद के मैनपुर थाना में अपराध दर्ज है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। इस वर्ष अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 145 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 128 बस्तर संभाग में मारे गए हैं। गरियाबंद जिला रायपुर संभाग के अंतर्गत है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें