Surguja News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुनिया गांव के जंगलपारा में रहने वाली सुखमनिया अपनी 90 साल की बुजुर्ग सास सोनवारी को पीठ पर उठाकर बैंक तक ले गई। पेंशन के लिए उन्हें करीब तीन किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सोनवारी की वृद्धावस्था पेंशन पिछले कई महीनों से नहीं मिल रही थी। परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था, इसलिए आखिरकार बहू ने अपनी सास को पीठ पर बैठाकर बैंक पहुंचने का फैसला किया।
A tribal woman from Chhattisgarh’s Surguja carried her 90 year old mother-in-law on her shoulders and walked 5 km in the scorching heat to avail her pension money. pic.twitter.com/5s69FbMEgt
— खुरपेंची ढांचे (@Khurpenchinfra) May 23, 2026
तीन महीने से नहीं मिली थी पेंशन
सुखमनिया ने बताया कि उनकी सास की पेंशन लंबे समय से रुकी हुई थी। शुक्रवार को वे सेंट्रल बैंक पहुंचीं, जहां बैंक ने उन्हें तीन महीने की रुकी हुई पेंशन के तौर पर 1500 रुपए दिए। जबकि खाते में चार महीने के कुल 2000 रुपए जमा थे। परिवार का कहना है कि घर की हालत बहुत कमजोर है। सोनवारी के दो बेटे मजदूरी करने बाहर चले जाते हैं, इसलिए बुजुर्ग महिला की देखभाल और बैंक के चक्कर लगाने की जिम्मेदारी बहू पर आ गई।
पहले घर आकर मिल जाती थी पेंशन
बहू सुखमनिया ने बताया कि पहले गांव में बैंक मित्र तपेश घर-घर जाकर पेंशन दे जाता था। इससे बुजुर्गों को काफी सुविधा रहती थी। लेकिन कुछ महीनों से बैंक मित्र ने घर आना बंद कर दिया। इसी कारण कई महीने तक पेंशन नहीं मिल पाई। परिवार को बार-बार बैंक जाने में परेशानी हो रही थी।
रास्ते में नाला होने से नहीं पहुंचती गाड़ी
जंगलपारा इलाके की सबसे बड़ी समस्या खराब रास्ता है। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक बड़ा नाला पड़ता है, जिसके कारण वहां तक कोई वाहन नहीं पहुंच पाता। नाला पार करने के बाद भी करीब डेढ़ किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करना पड़ता है। यही वजह रही कि सुखमनिया को अपनी बुजुर्ग सास को पीठ पर उठाकर बैंक तक ले जाना पड़ा।
सिर्फ 500 रुपए मिलती है पेंशन
90 साल की सोनवारी को केवल वृद्धावस्था पेंशन के तहत 500 रुपए प्रति माह मिलते हैं। उन्हें किसी दूसरी सरकारी योजना, जैसे महतारी वंदन योजना, का लाभ नहीं मिलता। इतनी कम राशि के लिए भी परिवार को इतनी परेशानी उठानी पड़ रही है, जिसने सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बुजुर्ग महिला को पीठ पर लादकर बैंक ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस घटना को देखकर भावुक हो रहे हैं और प्रशासन से ग्रामीण इलाकों में बेहतर सुविधाएं देने की मांग कर रहे हैं।
बैंक मैनेजर ने क्या कहा
इस मामले पर नर्मदापुर सेंट्रल बैंक के मैनेजर मिर्जा अल्ताफ बेग ने कहा कि मैनपाट इलाके में बुजुर्गों तक घर पहुंच पेंशन देने की व्यवस्था मौजूद है। इसके लिए बैंक के आठ बैंक मित्र काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर किसी बुजुर्ग को बैंक आने में परेशानी हो तो उनके परिवार वाले बैंक को सूचना दे सकते हैं। इसके बाद बैंक मित्र को उनके घर भेजा जाता है ताकि उन्हें घर पर ही पैसे मिल सकें।

