Site icon Dainik Savera Times

सेना को मिली बड़ी सफलताः कांकेर में 5 लाख की इनामी नक्सली कमांडर ‘रूपी’ मारी गई

Naxalite commander Rupi killed

नेशनल डेस्कः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जहां 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली कमांडर रूपी को एनकाउंटर में मार गिराया गया। यह मुठभेड़ छोटे बेटिया थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई, जहां सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हुई। सुरक्षाबलों को पहले से सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सली छिपे हुए हैं। इसी जानकारी के आधार पर एक विशेष अभियान शुरू किया गया। जब जवान जंगल में पहुंचे, तो नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रूपी मारा गया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि मुठभेड़ के बाद मौके से रूपी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है।

 

इलाके में तलाशी अभियान तेज
एनकाउंटर के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। इसका मकसद यह पता लगाना है कि कहीं रूपी के अन्य साथी आसपास छिपे तो नहीं हैं। जवान लगातार जंगल में गश्त कर रहे हैं।

मार्च 2026 में भी हुई थी मुठभेड़
इससे पहले मार्च 2026 की शुरुआत में छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। यह घटना इंद्रावती नदी के पास हुई थी। खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाया। तलाशी के दौरान दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें दो माओवादी मारे गए थे।

 

बीजापुर एसपी का आया बयान
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान में दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से कई हथियार भी जब्त किए गए। बरामद हथियारों में एसएलआर राइफल, 12 बोर राइफल, आईएनएसए राइफल और विस्फोटक शामिल थे। साथ ही माओवादियों से जुड़ा अन्य सामान भी मिला।

 

लगातार चल रहा है अभियान
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। इन ऑपरेशनों के जरिए नक्सलियों पर दबाव बनाया जा रहा है और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इन इलाकों में शांति स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

 

Exit mobile version