Site icon Dainik Savera Times

तंत्र-मंत्र और निवेश के नाम पर महिला से 85 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

Moga Police Action

Moga Police Action

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर क्षेत्र में घरेलू समस्याओं के समाधान, तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई नगर थाना क्षेत्र निवासी संगीता कश्यप ने 16 दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात जबलपुर निवासी पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपने परिवार की परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ और तांत्रिक विधियों के जरिए सभी समस्याएं दूर करने का दावा किया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने लगातार संपर्क बनाए रखा और अलग-अलग धार्मिक अनुष्ठानों, गुप्त पूजा तथा तंत्र-मंत्र के नाम पर रकम मांगनी शुरू कर दी। महिला उसके झांसे में आती गई और विभिन्न किस्तों में बड़ी राशि उसे देती रही। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी परिवार पर जिन्न और प्रेत बाधा होने की बात कहकर डराता था। वह कहता था कि समय पर विशेष पूजा नहीं कराई गई तो पूरे परिवार पर संकट आ जाएगा। उसने 43 दिन तक लगातार दीपक जलाने और गुप्त पूजा कराने जैसी बातें कहकर भी विश्वास कायम रखा।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने विशेष पूजा नहीं कराने पर महिला के पति के सड़क दुर्घटना का शिकार होने की आशंका जताई थी। इसके लिए उसने करीब डेढ़ लाख रुपये लिए। बाद में महिला के पति की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके बाद भी आरोपी ने महिला की मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए कभी मां के ऑपरेशन, कभी पिता की मौत और कभी स्वयं के पुलिस गिरफ्त में होने का बहाना बनाकर लगातार पैसे लिए।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला के बेटे को भी शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। इस झांसे में आकर महिला और उसके बेटे ने अलग-अलग किस्तों में उसके खातों में बड़ी रकम जमा कराई, लेकिन न निवेश पर कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस मिली।

शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने झूठे मामलों में फंसाने तथा गुंडे भेजकर जान से मारने की धमकी भी दी। अक्टूबर 2025 में उसने अपने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की। बाद में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग का भरोसा दिलाया तथा भोपाल बुलाकर 4 लाख रुपये नकद भी ले लिए। पुलिस ने बताया कि रकम वापस मांगने पर आरोपी ने इनकार कर दिया और धमकियां देने लगा। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम इंदौर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक खाते से संबंधित मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किया है। उसे गुरुवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस उसके बैंक खातों, पैसों के लेनदेन तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस संबंध में भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि “आरोपी पहले बिलासपुर के उसलापुर में रहता था और बाद में इंदौर के गांधी नगर इलाके में रहने लगा था।”

Exit mobile version