Site icon Dainik Savera Times

CM ने कहा ‘कुर्सी खाली नहीं है, नहीं बदलेगा मुख्यमंत्री’, विपक्ष ने कहा- सत्ता-साझेदारी के फार्मूले के अनुसार कार्यकाल समाप्त

Chief Minister is not Vacant : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्य में सत्ता परिवर्तन की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि उनकी कुर्सी खाली नहीं है। उन्होंने इसे अफवाह मात्र बताया।

एक कार्यक्रम के दौरान सीएम सिद्धारमैया ने कहा, ‘ मीडिया को अफवाहों को हवा देने की बजाय सच दिखाना चाहिए। अभी भी यही चल रहा है कि सिद्धारमैया जाने वाले हैं, अगर सच कहूं तो पार्टी के अंदर कोई मतभेद नहीं है, लेकिन फिर भी रोज यही देखने को मिलता है कि सीएम बदलने वाले हैं। मैं साफ कर दूं कि सीएम बदलने के लिए कुर्सी खाली नहीं है। कुछ नेता साथ में डिनर कर लें तो कहने लगे जाते हैं कि वहां अहम राजनीतिक चर्चा हुई है। टीवी में यह भी दिखाया जाता है कि मंत्रियों ने आपस में क्या बात की, अपने मन से कुछ भी डायलॉग लिखकर वे चलाते रहते हैं जबकि वहां ऐसी कोई चर्चा हुई भी नहीं होती है।‘

डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है लेकिन पत्रकार अभी भी लिख रहे हैं कि सीएम बदला जाएगा। मेरी कुर्सी खाली नहीं है लेकिन वे अभी भी कहते हैं सीएम बदला जाएगा।

दरअसल भाजपा ने दावा किया है कि उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के लिए बेताब हैं, जबकि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं और उन्होंने रणनीतिक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

राज्य भाजपा इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा है कि हम सुन रहे हैं कि सत्ता-साझेदारी के फार्मूले के अनुसार सीएम सिद्धारमैया का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। इस पृष्ठभूमि में शिवकुमार बयान दे रहे हैं। सीएम सिद्धारमैया और उनके डिप्टी शिवकुमार को सत्ता-साझेदारी समझौते को स्पष्ट करने की आवश्यकता है। हम जो जानते हैं, उसके अनुसार सिद्धारमैया का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।

Exit mobile version