कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बृहस्पतिवार को नदिया जिला स्थित इस्कॉन मुख्यालय पहुंचे और गौ पूजा की। राजनीतिक एवं आध्यात्मिक रूप से उनका यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने इस्कॉन के साधु-संतों और मंदिर प्रबंधन के सदस्यों से भी बात की। पारंपरिक सफेद धोती-कुर्ता पहने शुभेंदु पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे नंगे पांव मंदिर परिसर की गौशाला में दाखिल हुए, और विशेष गौ पूजा अनुष्ठान किया तथा बाद में गायों को फल व मिठाइयां खिलाईं। वह यज्ञ में शामिल हुए और फिर इस्कॉन के साधु-संतों तथा प्रबंधन के सदस्यों से बात करने के लिए चंद्रोदय मंदिर पहुंचे।
विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद इस महीने की शुरुआत में मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद शुभेंदु का मायापुर स्थित इस्कॉन मुख्यालय का यह पहला दौरा है। मुख्यमंत्री के मायापुर पहुंचते ही कीर्तन की मधुर ध्वनि के बीच साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। सैकड़ों लोग सुबह से ही मंदिर परिसर के आसपास उनकी एक झलक पाने के लिए एकत्र थे। इस दौरान मंदिर नगरी में उत्सव जैसा माहौल था।

