Child in scooter’s trunk: मध्यप्रदेश से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला अपने छोटे बच्चे को स्कूटी की डिक्की में बैठाकर सड़क पर निकलती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है और इस तरह के कंटेंट बनाने पर कड़ी नाराजगी भी व्यक्त की है।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि महिला पहले अपने बच्चे को गोद में लेकर स्कूटी के पास आती है। इसके बाद वह स्कूटी की डिक्की खोलती है और बच्चे को उसके अंदर बैठा देती है। फिर डिक्की बंद कर स्कूटी स्टार्ट करती है और वहां से निकल जाती है। पूरी घटना को पास में खड़ा एक व्यक्ति अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करता दिखाई देता है।
जानकारी के लिए बता दें कि यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर NCIB Headquarters ने शेयर करते हुए लिखा, ‘देश में रीलबाजी का नशा अगर ऐसे ही बढ़ता रहा तो वो दिन दूर नहीं जब सरकार को “रील मुक्त भारत अभियान” चलाना पड़ेगा।’
देश में रीलबाजी का नशा अगर ऐसे ही बढ़ता रहा तो वो दिन दूर नहीं जब सरकार को “रील मुक्त भारत अभियान” चलाना पड़ेगा। pic.twitter.com/rEvOhxORTY
— NCIB Headquarters (@NCIBHQ) March 14, 2026
उचित कार्रवाई की मांग
वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स का कहना है कि केवल वायरल होने या लाइक्स और व्यूज पाने के लिए बच्चे की जान को खतरे में डालना बेहद गैर-जिम्मेदाराना और खतरनाक है। लोगों ने ऐसे कंटेंट को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
लोगों का कहना है कि मनोरंजन या सोशल मीडिया लोकप्रियता के नाम पर इस तरह के खतरनाक प्रयोग करना गलत है, खासकर तब जब इसमें एक छोटे बच्चे की सुरक्षा दांव पर लगी हो। कई यूजर्स ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जाएं।

