Site icon Dainik Savera Times

‘कॉकरोच’ विवाद : सीजेआई ने कहा- ‘दुर्भावनापूर्ण इरादे’ से टिप्पणियों का गलत इस्तेमाल किया गया

नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर अदालत की कार्यवाही के अंश को पर्याप्त संदर्भ के बिना प्रसारित किए जाने पर चिंता जताते हुए भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने कहा है कि उनकी मौखिक टिप्पणियों को ‘गलत तरीके से पेश’ किया गया और ‘दुर्भावनापूर्ण इरादे’ से उनका इस्तेमाल देश के युवाओं को गुमराह करने के लिए किया गया। प्रधान न्यायाधीश ने 15 मई, 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान कथित फर्जी डिग्री रखने वाले कुछ लोगों की तुलना ‘कॉकरोच’ से की थी, जो व्यवस्था पर हमला करने के लिए सोशल मीडिया या सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्त्ता बन जाते हैं।

प्रधान न्यायाधीश की इस टिप्पणी के बाद युवाओं में व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली और इसके चलते व्यंग्यात्मक ऑनलाइन मंच कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) शुरू हुआ। एक साक्षात्कार में प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि आजकल सोशल मीडिया पर अदालत की कार्यवाही के अंश को बिना पर्याप्त संदर्भ के प्रसारित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ वह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण था और स्पष्ट किया कि इसमें शामिल लोगों के बारे में वह ऐसी चीज़ों की कल्पना भी नहीं कर सकते। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा, ‘मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया और उसका गलत इस्तेमाल किया गया। जो बात मैंने कही ही नहीं, उसे ऐसे दिखाया गया, जैसे मैंने वह कही हो। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। खासकर, यह देश के युवाओं को गुमराह करने की एक बड़ी और दुर्भावनापूर्ण कोशिश है।’

Exit mobile version