CLAT 2026 : कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2026 में शामिल होने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। बता दें कि नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) के कंसोर्टियम ने आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। पहले जहां आवेदन प्रक्रिया जल्द समाप्त होने वाली थी, वहीं अब उम्मीदवारों को थोड़ा और समय मिल गया है। कंसोर्टियम की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, अब उम्मीदवार 7 नवंबर 2025 (शुक्रवार) रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
कंसोर्टियम ने अपने बयान में कहा, “नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज के कंसोर्टियम की कार्यकारी परिषद CLAT 2026 (यूजी और पीजी दोनों कार्यक्रमों) के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाने की घोषणा करते हुए प्रसन्न है। उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे निर्धारित नई तिथि तक अपना आवेदन पूरा करें।”
जो उम्मीदवार अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे CLAT की आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, और उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क का भुगतान भी वेबसाइट पर ही करना होगा।
ये भी पढ़े : ट्रंप प्रशासन के दौरान अमेरिका की हालत पाकिस्तान जैसी, खाने के लिए लगीं लंबी लाइनें
आवेदन प्रक्रिया ऐसे करें पूरी
–सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जाएं।
–होमपेज पर “CLAT 2026 Application” लिंक पर क्लिक करें।
–नए उम्मीदवारों को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा।
–लॉगिन करने के बाद आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारियां भरें।
–आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
–आवेदन पूरा करने के बाद पुष्टिकरण पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
कब होगा CLAT 2026 एग्जाम?
कंसोर्टियम ने परीक्षा तिथि की भी घोषणा कर दी है। CLAT 2026 का आयोजन 7 दिसंबर 2025 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा केवल एक ही पाली में, दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।
ये भी पढ़े : 11 साल के बच्चे की जिद्द ने बदली किस्मत, रातों-रात परिवार बना करोड़पति
CLAT एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है, जो देश के 25 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLUs) में स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) विधि कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ें।

