Site icon Dainik Savera Times

बादलों का पहरा, बारिश बरपाएगी कहर, हाई अलर्ट

weather-change-from-july-1st

weather-change-from-july-1st

Clouds guard, rain will wreak havoc : चंडीगढ़। प्रदेश में बादलों ने डेरा जमा लिया है और आने वाले दिनों में बारिश का दौर और तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 7 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।

कई जिलों में जलभराव का खतरा

गुरुवार सुबह हिसार, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल, गुरुग्राम और फतेहाबाद समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार सक्रिय हो रहे मानसून के चलते प्रदेश में जलभराव, बिजली गिरने और मौसम संबंधी अन्य चुनौतियों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। जहां एक ओर कल हो रही बारिश में महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद में लोगों ने जमकर आनंद लिया। वहीं, कई लोग बारिश में सड़कों पर घूमते नजर आए।

48 घंटे में पूरे हरियाणा पर छाएगा मानसून

कुछ इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा। विभाग ने 7 जुलाई तक राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पंचकूला और चंडीगढ़ से सटे क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कई जिलों में झमाझम बारिश, तापमान में गिरावट

मौसम विभाग का अनुमान है कि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। वहीं हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका भी जताई है। मानसून सक्रिय होने और बादलों की आवाजाही का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है।

मानसून ने दिलाई गर्मी से बड़ी राहत

कुछ दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान भी 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की संभावना है।

Also Read :

Exit mobile version