Site icon Dainik Savera Times

CM Mamata Banerjee यह सुनिश्चित करें कि पश्चिम बंगाल में मीडिया का दमन न हो : Anurag Thakur

नई दिल्लीः केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल में एक टेलीविजन चैनल के पत्रकार की गिरफ्तारी पर बृहस्पतिवार को गंभीर आपत्ति जताई और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि राज्य में मीडिया का दमन नहीं हो। यहां संवाददाता सम्मेलन में ठाकुर ने पत्रकार की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा, कि ‘मेरा ममता बनर्जी से अनुरोध है कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।’’

अनुराग ठाकुर ने कहा, कि ‘प्रेस की स्वतंत्रता मीडिया का अधिकार है और इसे कुचला नहीं जाना चाहिए। ये मेरी ममता बनर्जी से अपील है।’’ रिपब्लिक बांग्ला चैनल के पत्रकार शांतु पान को सोमवार को संदेशखालि से गिरफ्तार किया गया था। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित संदेशखालि में तनाव व्याप्त है जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेता शाहजहां शेख और उसके समर्थकों पर जमीन पर कब्जा करने और बंधक बनाकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम पांच जनवरी को राशन घोटाले के सिलसिले में छापेमारी करने शाहजहां शेख के आवास पर गई थी। ईडी की टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया था। इसके बाद से शाहजहां फरार है। शेख के दो सहयोगियों और अन्य पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Exit mobile version