चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनके जीवन और विजन पर आधारित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्घाटन किया। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग ने यह प्रदर्शनी तैयार की है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेश में सेवा पखवाड़ा शुरू हुआ है। हरियाणा के मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने इस प्रदर्शनी में गहरी रूचि दिखाते हुए अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं। रोहतक में आयोजित विश्वकर्मा जयंती समारोह में अनाज मंडी परिसर में यह प्रदर्शनी लगाई गई है।
उद्घाटन समारोह में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी। समारोह में महानिदेशक केएम पांडुरंग ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भगवान विश्वकर्मा का स्मृति चिन्ह दिया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी इस अवसर पर मौजूद थे। प्रधानमंत्री के जीवन और विजन पर आधारित यह प्रदर्शनी महानिदेशक केएम पांडुरंग के मार्गदर्शन में इवेंट एवं पब्लिसिटी सेल के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी और विभाग के अतिरिक्त निदेशक रणबीर सिंह सांगवान की देखरेख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन से लेकर प्रधानमंत्री तक के सफर को प्रदर्शित किया गया है।
इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री द्वारा अपनी माता की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर ईमानदारी व निष्ठा जैसे मूल्यों को अपनाने का वर्णन किया गया है। प्रदर्शनी में भेदभाव के खिलाफ लिखे पीलू फुल नाटक व मंचन के बारे में भी जानकारी साझा की गई है। सन् 1962 व 1965 के युद्घों के दौरान देशभक्ति व देश सेवा की भावना प्रबल होने, युवाकाल में घर छोड़कर हिमालय प्रवास, 1975 से 1977 तक आपातकाल के खिलाफ प्रतिरोध को दर्शाया गया है।

