Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

नहीं रही CM नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी, परिवार में शोक की लहर

December 20, 2025

नहीं रही CM नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी, परिवार में शोक की लहर

नेशनल डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास और उनकी पत्नी की मां विद्यावती देवी का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और पटना के IGIMS अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब 6 बजकर 40 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री परिवार में शोक का माहौल बन गया। शनिवार को पटना के बांस घाट पर विद्यावती देवी का अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार के साथ बांस घाट पहुंचे और सासु मां को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, परिवार के अन्य सदस्य, रिश्तेदार और करीबी लोग भी मौजूद रहे। घाट पर मौजूद हर व्यक्ति गमगीन नजर आया।

परिजनों ने बताया कि विद्यावती देवी काफी समय से अस्वस्थ थीं। बीते लगभग दो महीनों से उनका इलाज IGIMS में चल रहा था। उम्र से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। इलाज के दौरान परिवार के लोग नियमित रूप से अस्पताल जाते रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी लगभग हर शाम अस्पताल जाकर अपनी नानी का हालचाल लेते थे।

ये भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर Air India Express के पायलट ने यात्री को दे दनादन पीटा, अब हुआ ये एक्शन

विद्यावती देवी के निधन के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री के सहयोगी नेताओं, मंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना जताई है। कई नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ससुर कृष्णनंदन सिन्हा का निधन करीब सात साल पहले हुआ था। उनका देहांत पटना के कंकड़बाग स्थित पीसी कॉलोनी के आवास पर हुआ था। उस समय भी नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार के साथ ससुराल पहुंचे थे। कृष्णनंदन सिन्हा पेशे से हाई स्कूल शिक्षक थे और हरनौत क्षेत्र में एक सम्मानित शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। उनका अंतिम संस्कार भी पटना के बांस घाट के विद्युत शवदाह गृह में किया गया था।

Video: “Ramban में Traffic Police की Special Drive: 71 वाहन सीज, ₹8.78 लाख जुर्माना”

परिवार और जानने वालों के अनुसार, विद्यावती देवी सरल स्वभाव, शांत प्रकृति और पारिवारिक मूल्यों को महत्व देने वाली महिला थीं। परिवार में उनका विशेष सम्मान था। उनके निधन से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुछ समय तक बांस घाट पर रुके और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। पूरे बिहार में इस खबर के बाद लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं और मुख्यमंत्री परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें