Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM नीतीश कुमार ने पहलगाम हमले पर कहा: पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है

April 24, 2025

CM नीतीश कुमार ने पहलगाम हमले पर कहा: पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है

मधुबनी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की बृहस्पतिवार को निंदा की और इस बात पर जोर दिया कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है। मधुबनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में एक सरकारी समारोह में कुमार ने अपने राजनीतिक गठबंधन की फिर पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘मैंने पूर्व में गलती की है, लेकिन मैं हमेशा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ रहूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पहलगाम में हुए हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह एक जघन्य कृत्य था। हम सभी इसकी निंदा करते हैं।

मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। हम आपके साथ हैं। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है।’’ दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पूर्व में विपक्ष के साथ हाथ मिलाकर ‘‘गलती’’ की हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा राजग के साथ रहूंगा। मैं पूर्व में ‘इधर उधर’ जाता रहा और ‘गड़बड़ी’ हुई। लेकिन अब, मैं राजग के साथ हूं और हमेशा गठबंधन के साथ रहूंगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने 2005 में सरकार बनाई। पिछली राज्य सरकार ने पंचायतों के लिए कुछ नहीं किया था। यह खराब स्थिति में थी। जब हम सत्ता में आए, तो हमने 2006 में बिहार पंचायत राज अधिनियम में संशोधन किया, जिसके तहत गांव स्तर पर ग्राम पंचायत, ब्लॉक स्तर पर पंचायत समिति और जिला स्तर पर जिला परिषद की स्थापना की गई।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें