CM Dhami Distributed Appointment Letters : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सीएम आवास में 45 नवचयनित अभ्यर्थियाें को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसमें गृह विभाग के अंतर्गत 11 लैब असिस्टेंट एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के अंतर्गत 34 क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शामिल हैं। सीएम धामी ने सभी नव चयनित अभ्यर्थियाें को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज आपके जीवन की एक नई शुरूआत हो रही है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपने कार्य क्षेत्र में पूरी लगन और ईमानदारी से कार्य करेंगे। अगर नियमित दिनचर्या के साथ हम कार्य शुरू करते हैं, हर राह आसान होती है। उन्होंने कहा कि 2047 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सबको अपने कार्यक्षेत्र में विशेष योगदान देना होगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में राज्य में सरकारी सेवाओं में 19 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। अनेक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद सभी भर्ती परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ समय पर पूरी की गई हैं।
शासकीय आवास पर गृह विभाग के अंतर्गत चयनित लैब असिस्टेंट एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के अंतर्गत चयनित प्रांतीय रक्षक दल अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
सभी 45 नवनियुक्त अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप समर्पण भाव और मनोयोग के… pic.twitter.com/dVjj2VVoOk
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 17, 2024
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य रजत उत्सव वर्ष में प्रवेश कर गया है। राज्य के समग्र विकास के लिए सरकार द्वारा आगामी 25 वर्षों की राज्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं। आजादी के अमृतकाल में उत्तराखंड को हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सभी प्रदेशवासियों का अहम योगदान होगा।
सीएम धामी ने चयनित अभ्यर्थियाें को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, कि ’शासकीय आवास पर गृह विभाग के अंतर्गत चयनित लैब असिस्टेंट एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के अंतर्गत चयनित प्रांतीय रक्षक दल अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। सभी 45 नवनियुक्त अभ्यर्थयिों के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप समर्पण भाव और मनोयोग के साथ जनसेवा करेंगे और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
हमारी सरकार द्वारा लाए गए सख्त नकल विरोधी कानून के माध्यम से परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से हो रही हैं, जिसके फलस्वरुप युवाओं को रिकॉर्ड संख्या में सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवा कल्याण हेतु समर्पति हमारी सरकार प्रदेश के समस्त रिक्त पदों को भरने की दिशा में कार्य कर रही है।’ इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विधायक दिलीप रावत, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगोली, निदेशक खेल एवं युवा कल्याण प्रशांत आर्य मौजूद रहे।

