Site icon Dainik Savera Times

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बच्चों संग मनाया रक्षाबंधन, कहा- बच्चों का प्यार आशीर्वाद से कम नहीं

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से आए बच्चों के साथ पर्व मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से मुलाकात की और उनकी ओर से बांधी गई राखियां स्वीकार कीं। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री को मिठाई खिलाई और उनके साथ बातचीत करते हुए हंसी-मजाक और शरारतों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाने के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि बच्चों के बीच त्योहारों की खुशी और भी खास हो जाती है।

उन्होंने कहा कि बच्चों ने बहुत प्यार से उन्हें राखियां बांधीं और मिठाई खिलाई। इसके बाद बच्चों के साथ बातचीत, हंसी और उनकी मासूम शरारतों ने इस अवसर को यादगार बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का प्यार उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी मुस्कान हमेशा बनी रहे और उनके सपनों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राजधानी के बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिले, जहां उन्हें शिक्षा, विकास और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली उनके लिए हमेशा सुरक्षित, खुशहाल और संभावनाओं से भरी रहे। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के इस अवसर पर उनकी कलाई पर बंधी राखियां बच्चों के स्नेह की याद दिलाती रहेंगी और उनके दिल में बच्चों के लिए ढेर सारा प्यार है।

Exit mobile version