Site icon Dainik Savera Times

होटल में आग लगने से जनहानि पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जताया दुख

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर में एक होटल में लगी भीषण आग में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, मालवीय नगर में आग लगने की विनाशकारी घटना में जन हानि से मुझे गहरा दुख हुआ है।

शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस दिल दहला देने वाली त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के बारे बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कैट्स एम्बुलैंस सेवाओं और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत काम पर लगा दिया गया था।

एजेंसियों की इस त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिसर से कई लोगों को निकालने और राहत पहुंचाने में मदद मिली। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है और प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता तथा हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है।

Exit mobile version