Site icon Dainik Savera Times

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संत परमानंद अस्पताल में नवनिर्मित IVF केंद्र का किया उद्घाटन

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिविल लाइंस स्थित संत परमानंद अस्पताल में नवनिर्मित आईवीएफ केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ सेवाओं से युक्त यह केंद्र संतान सुख की इच्छा रखने वाले अनेक परिवारों के जीवन में नई आशा और खुशियां लाने का माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ना स्वागतयोग्य है।

चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों और विशेषज्ञ सेवाओं के विस्तार से लोगों को बेहतर उपचार के विकल्प मिलते हैं। आईवीएफ केंद्र की स्थापना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना आवश्यक है।

ऐसे केंद्र उन दंपतियों के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकते हैं, जो संतान प्राप्ति के लिए उपचार का सहारा लेते हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस नई पहल के लिए संत परमानंद अस्पताल के चिकित्सकों और पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह केंद्र चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ अनेक परिवारों के जीवन में खुशियां लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Exit mobile version