
नई दिल्ली: रेखा गुप्ता ने रविवार को लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेकर क्षेत्रीय विकास कार्यों के रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। यह रिपोर्ट कार्ड लक्ष्मी नगर के विधायक एवं मुख्य सचेतक अभय वर्मा द्वारा पिछले एक वर्ष में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पिछले एक वर्ष में लक्ष्मी नगर क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण, नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, पार्कों के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर जनता को वास्तविक लाभ पहुंचाना है। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार पर्याप्त बजट, स्पष्ट कार्ययोजना और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ काम कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में लक्ष्मी नगर सहित पूरी दिल्ली की सभी विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को और मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभय वर्मा ने कहा कि जनता के सहयोग और सरकार के समर्थन से क्षेत्र में कई लंबित परियोजनाओं को पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सीवर सुधार और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री और विधायक ने स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। उपस्थित लोगों ने विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।
मेष: दिन शुभ रहेगा...