नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस में सफर कर महिलाओं के लिए शुरू की गई सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड सुविधा का स्वयं अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि यह व्यवस्था जमीनी स्तर पर किस प्रकार काम कर रही है और यात्रियों के लिए कितनी सरल व सुविधाजनक है। मुख्यमंत्री बस में चढ़ीं तो उन्होंने अपने सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड को बस में लगी मशीन पर टैप किया।
टैप करते ही यात्रा तुरंत दर्ज हो गई। पूरी प्रक्रिया कुछ ही सेकंड में पूरी हो गई, जिससे यह साफ हुआ कि यह प्रणाली तेज, आसान और पूरी तरह पारदर्शी है। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस कार्ड के माध्यम से दिल्ली की माताएं, बहनें और बेटियां डीटीसी बसों में आसानी से मुफ्त यात्र कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राजधानी के विभिन्न केंद्रों पर यह कार्ड महिलाओं के लिए मुफ्त बनाया जा रहा है। इसके लिए केवल आधार नंबर और मोबाइल नंबर के साथ पंजीकरण कराना होता है। पंजीकरण के बाद महिलाओं को यह कार्ड उपलब्ध कराया जाता है, जिसके जरिए वे बस में चढ़ते समय मशीन पर टैप कर अपनी यात्रा दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था से यात्र की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बन रही है।
साथ ही इससे बसों में टिकट संबंधी प्रक्रियाएं भी सरल हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्ली की सभी महिलाओं से अपील की कि वे सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड बनवाएं और सरकार द्वारा दी जा रही इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित, आधुनिक और महिलाओं के लिए अधिक अनुकूल बनाना है।

