नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग और पीतमपुरा में जनसुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया। उन्होंने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र की एओ सेवा बस्ती में नवीनीकृत जन सुविधा परिसर का लोकार्पण किया। इसके अलावा पीतमपुरा स्थित जीपी सेवा बस्ती में भी जन सुविधा परिसर स्थानीय निवासियों को समर्पित किया। शालीमार बाग की एओ सेवा बस्ती में लंबे समय से खस्ताहाल पड़े जन सुविधा परिसर का कायाकल्प कर उसमें स्वच्छ शौचालय और स्नानगृह सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प दिल्ली की प्रत्येक बस्ती तक स्वच्छता, बेहतर जनसुविधाएं और सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहुंचाना है। वहीं, पीतमपुरा स्थित जीपी सेवा बस्ती में नवनिर्मित जन सुविधा परिसर के लोकार्पण से स्थानीय निवासियों को स्वच्छ शौचालय और स्नानगृह की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर निगम पार्षद अनिल नागपाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी पॉलिटेक्निक में ‘अर्पण केंद्र’ का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य पुराने कपड़ों का दोबारा उपयोग सुनिश्चित करना और उन्हें पुनर्चक्रण के माध्यम से उपयोगी वस्तुओं में बदलना है। दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशनों पर भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लोग अपने पुराने कपड़े दान कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने पुराने और उपयोग योग्य कपड़े अर्पण केंद्रों पर दान करें तथा इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन पहलों के माध्यम से सरकार का जोर बस्तियों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी बढ़ाने पर है।

