Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में राहुल-प्रियंका गांधी से मिले CM सुक्खू, कैबिनेट विस्तार पर चर्चा के लगाए जा रहे कयास

हिमाचल: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर चंबा से दिल्ली रवाना हो गए, जहां उन्होंने पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री के इस दिल्ली दौरे को हिमाचल प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रदेश कैबिनेट में लंबे समय से एक मंत्री पद खाली चल रहा है। ऐसे में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ हुई मुलाकात के बाद कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री हाईकमान के साथ खाली मंत्री पद को भरने और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा कर सकते हैं। प्रदेश में इस पद के लिए पार्टी के भीतर कई नेताओं के नामों की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात में किन मुद्दों पर बातचीत हुई। इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मुख्यमंत्री के आधिकारिक टूर प्रोग्राम में भी कैबिनेट विस्तार को लेकर किसी चर्चा का उल्लेख नहीं है। वहीं उनकी शिमला वापसी का कार्यक्रम भी अभी जारी नहीं हुआ है।
अब मुख्यमंत्री की इन मुलाकातों के बाद सबकी नजरें हाईकमान के अगले रुख और हिमाचल कैबिनेट में संभावित फेरबदल पर टिकी हैं।

 

Exit mobile version