Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए CM शुभेंदु ने मुंबई में मुकेश अंबानी से की मुलाकात

September 22, 2026

पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए CM शुभेंदु ने मुंबई में मुकेश अंबानी से की मुलाकात

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नए औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के प्रयासों के तहत राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार शाम मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी से उनके आवास ‘एंटीलिया’ में मुलाकात की। अंबानी परिवार के गणेश पूजा उत्सव में आमंत्रित श्री अधिकारी ने बाद में इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अंबानी आवास पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और देश की शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने अंबानी परिवार को मां काली का एक विशेष स्मृति चिह्न भी भेंट किया। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास, नयी परियोजनाओं, सूचना प्रौद्योगिकी और रोजगार सृजन की संभावनाओं के साथ-साथ राज्य में रिलायंस की मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई।

अधिकारी ने कहा कि उनकी इस सौहार्दपूर्ण बातचीत में पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की अपार संभावनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार दूरदर्शी निवेश का स्वागत करने के लिए तैयार है जो युवाओं को सशक्त बनाए और सतत आर्थिक विकास को गति दे। उन्होंने अंबानी परिवार द्वारा किए गए शानदार स्वागत और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।

राज्य में सरकार बदलने के बाद से ही भाजपा नीत प्रशासन बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश जुटाने और व्यापार के अनुकूल माहौल तैयार करने में जुटा है। मुख्यमंत्री अधिकारी ने बार-बार दोहराया है कि औद्योगिकीकरण को गति देना और रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि राज्य में कथित “गुंडा टैक्स” खत्म हो चुका है और जो उद्योगपति पहले बंगाल से दूर रहे थे, वे अब राज्य में नए सिरे से रुचि दिखा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें