चेंगलपट्टू (तमिलनाडु): तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय की पत्नी संगीता ने उनके खिलाफ दायर की गई तलाक की अर्जी वापस ले ली है। इसके साथ ही चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में चल रहा तलाक का मामला आधिकारिक रूप से खत्म हो गया।
शुक्रवार को संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुईं। उन्होंने फैमिली कोर्ट की जज सुजाता को बताया कि वह अपनी तलाक की अर्जी वापस लेना चाहती हैं। जज ने करीब 15 मिनट तक उनसे बातचीत और पूछताछ की। इसके बाद कोर्ट ने उनकी अर्जी स्वीकार कर ली और तलाक का केस बंद कर दिया।
संगीता ने फरवरी 2026 में विजय के खिलाफ तलाक की याचिका दायर की थी। अपनी अर्जी में उन्होंने आरोप लगाया था कि विजय का एक अभिनेत्री के साथ कथित तौर पर विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) था। उनका कहना था कि उन्हें इस कथित रिश्ते की जानकारी अप्रैल 2021 में मिली थी, जिससे उन्हें गहरा मानसिक और भावनात्मक आघात पहुंचा। याचिका में संगीता ने यह भी दावा किया था कि विजय ने उस अभिनेत्री के साथ अपना रिश्ता जारी रखा, जिससे उन्हें लगातार मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि 2021 के बाद विजय उनसे भावनात्मक रूप से दूर हो गए थे, उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। संगीता का यह भी कहना था कि इन घटनाओं की वजह से उनके बच्चों को भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। इस मामले की कानूनी प्रक्रिया 26 फरवरी 2026 से शुरू हुई थी। बाद में सुनवाई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से तीन दिन पहले, यानी 20 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। चुनाव के दौरान यह मामला राजनीतिक और कानूनी चर्चा का विषय भी बना रहा।
इसी दौरान मद्रास हाईकोर्ट में एक अलग याचिका भी दायर की गई थी। इसमें विजय के चुनावी हलफनामे की जांच की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता ने सवाल उठाया था कि विजय ने अपने हलफनामे में संगीता को 12.60 करोड़ रुपये उधार देने की जानकारी दी थी, जबकि दोनों के बीच तलाक का मामला चल रहा था। साथ ही एक निजी शैक्षणिक ट्रस्ट को दिए गए 20 करोड़ रुपये के खुलासे पर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि, मद्रास हाई कोर्ट ने अप्रैल के आखिर में यह याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा था कि इसी तरह की मांग वाली एक अन्य याचिका पहले ही खारिज की जा चुकी है।
विजय और संगीता की पहली मुलाकात 1996 में हुई थी। संगीता मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली हैं, लेकिन उनकी परवरिश ब्रिटेन में हुई है। दोनों ने 1998 में ब्रिटेन में अपनी शादी रजिस्टर कराई थी। इसके बाद 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया। इस दंपति के दो बच्चे हैं- बेटा जेसन और बेटी दिव्या।
मेष: दिन शुभ रहेगा...