नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। योगी सरकार ने नए साल से पहले बड़ा अवसर दिया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राजस्व विभाग में लेखपाल के 7994 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग के मुताबिक, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 दिसंबर से शुरू होगी।
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 28 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म में किसी भी तरह की गलती होने पर 4 फरवरी तक संशोधन का मौका भी दिया जाएगा। इस भर्ती में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क केवल 25 रुपये रखा गया है। आवेदन केवल UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in के माध्यम से ही किए जा सकेंगे।
केवल PET-2025 पास अभ्यर्थी होंगे पात्र
आयोग ने साफ कर दिया है कि लेखपाल भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) में भाग लिया हो। चयन प्रक्रिया PET-2025 में प्राप्त अंकों के आधार पर आगे बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें: Donald Trump ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- एक भरोसेमंद और मजबूत मित्र मिला
पदों का वर्गवार विवरण
कुल 7994 लेखपाल पदों में से 4165 पद अनारक्षित वर्ग के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 1446 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 150 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1441 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 792 पद निर्धारित किए गए हैं।
आयु सीमा और छूट
लेखपाल पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। आरक्षण का लाभ लेने के लिए संबंधित प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का इंटरमीडिएट (12वीं) या उसके समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। अधिमानी योग्यता के रूप में प्रादेशिक सेना में कम से कम दो साल की सेवा या एनसीसी का ‘बी’ सर्टिफिकेट मान्य होगा।
लिखित परीक्षा का पैटर्न
लेखपाल भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से जुड़ी सभी शर्तों और नियमों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि आगे किसी तरह की परेशानी न हो।
Video: Ludhiana ਦੇ ਕਾਉਂਟਿੰਗ ਸੈਂਟਰ ‘ਚ ਸੁਰੱਖਿਆ ਦੇ ਪੂਰੇ ਇੰਤਜ਼ਾਮ, ਥੋੜੀ ਦੇਰ ‘ਚ ਵੋਟਾਂ ਦਾ ਆਵੇਗਾ ਰਿਜ਼ਲਟ

