नेशनल डेस्क: मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी का इस्तेमाल करने वाले लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। सरकारी गैस वितरण कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
2 रुपये प्रति किलो महंगी हुई सीएनजी
कंपनी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सीएनजी की खुदरा कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) के अन्य क्षेत्रों में सीएनजी की नई कीमत 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। बता दें इससे पहले 14 मई को भी कंपनी ने सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की थी। यानी कम समय में दूसरी बार कीमतें बढ़ाई गई हैं।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: जानिए सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन
इन क्षेत्रों में सप्लाई करती है MGL?
महानगर गैस लिमिटेड मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों के अलावा कई अन्य शहरों में भी सीएनजी की आपूर्ति करती है। कंपनी वर्तमान में मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, रायगढ़, रत्नागिरी, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, लातूर और उस्मानाबाद जैसे क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रही है।
वाहन चालकों पर बढ़ेगा बोझ
सीएनजी की कीमत बढ़ने से निजी वाहन मालिकों, टैक्सी चालकों और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के परिचालन खर्च में इजाफा होगा। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद सीएनजी अभी भी पेट्रोल और डीजल की तुलना में अधिक किफायती ईंधन बनी हुई है।
पेट्रोल और डीजल भी हुए थे महंगे
सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी देखने को मिली थी। सोमवार को पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। पिछले दो सप्ताह के भीतर यह चौथी बार है, जब ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। वर्तमान में मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।
ये भी पढ़ें: कई राज्यों में आंधी और बारिश का तांडव, 38 लोगों की मौत
आम लोगों पर असर
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। परिवहन लागत बढ़ने से कई सेवाओं और वस्तुओं की कीमतों पर भी प्रभाव पड़ने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को अपने मासिक बजट में अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ सकता है।

