Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए कोस्ट गार्ड में निकली भर्ती, 21 अक्टूबर तक करें आवेदन

October 7, 2026

10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए कोस्ट गार्ड में निकली भर्ती, 21 अक्टूबर तक करें आवेदन

Coast Guard Recruitment : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय तटरक्षक बल में नौकरी पाने का अच्छा मौका है। इंडियन कोस्ट गार्ड ने CGEPT 2026 भर्ती के तहत 365 पदों पर वैकेंसी निकाली है। इसमें नाविक, यांत्रिक और स्वच्छता कर्मी के पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 21 अक्टूबर 2026 शाम 5:30 बजे है। यह भर्ती CGEPT बैच 01/2027 और 02/2027 के लिए की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार समय रहते आवेदन कर सकते हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती?

दोनों बैचों को मिलाकर कुल 365 पद रखे गए हैं। इनमें नाविक जनरल ड्यूटी, नाविक डोमेस्टिक ब्रांच, यांत्रिक और स्वच्छता कर्मी के पद शामिल हैं। bबैच-1 में नाविक जनरल ड्यूटी के पुरुषों के लिए 117 और महिलाओं के लिए 13 पद हैं। इसके अलावा यांत्रिक मैकेनिकल के 28, इलेक्ट्रिकल के 23 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 9 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं बैच-2 में नाविक जनरल ड्यूटी के पुरुषों के 117 और महिलाओं के 13 पद हैं। नाविक डोमेस्टिक ब्रांच के 25 और स्वच्छता कर्मी के 20 पदों पर भी भर्ती होगी।

अलग-अलग पदों के लिए अलग योग्यता

नाविक जनरल ड्यूटी के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। 12वीं में गणित और भौतिक विज्ञान विषय होना अनिवार्य है। नाविक डोमेस्टिक ब्रांच और स्वच्छता कर्मी के पदों के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं यांत्रिक पदों के लिए 10वीं के साथ संबंधित तकनीकी ट्रेड में मान्यता प्राप्त डिप्लोमा होना चाहिए।

उम्र की सीमा भी तय

पद और बैच के अनुसार उम्मीदवारों की जन्म तिथि की सीमा अलग रखी गई है। नाविक जनरल ड्यूटी के लिए जन्म 1 नवंबर 2005 से 1 मई 2009 के बीच होना चाहिए। यांत्रिक पद के लिए जन्म तिथि 1 मई 2005 से 1 मई 2009 के बीच निर्धारित है।

नाविक डोमेस्टिक ब्रांच के लिए जन्म तिथि 1 नवंबर 2005 से 1 अक्टूबर 2009 और स्वच्छता कर्मी पद के लिए 1 नवंबर 2002 से 1 अक्टूबर 2009 के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी।

कितनी मिलेगी सैलरी?

नाविक जनरल ड्यूटी, नाविक डोमेस्टिक ब्रांच और स्वच्छता कर्मी के पदों पर लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये बेसिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे। यांत्रिक पद पर लेवल-5 के तहत 29,200 रुपये मूल वेतन निर्धारित है। इसके साथ यांत्रिक भत्ता और अन्य अनुमन्य भत्ते भी मिलेंगे।

कई चरणों में होगी भर्ती

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के माध्यम से किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। इसमें 100 सवाल होंगे और परीक्षा के लिए 60 मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित की जाएगी। इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। लिखित परीक्षा के बाद उम्मीदवारों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट, असेसमेंट/एडेप्टेबिलिटी टेस्ट, दस्तावेज जांच और मेडिकल परीक्षा जैसे चरणों से गुजरना होगा। नौकरी पाने के लिए सभी जरूरी चरणों में सफल होना अनिवार्य होगा। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना में योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों को ध्यान से जरूर जांच लें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें