Site icon Dainik Savera Times

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को जड़े थप्पड़, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

नेशनल डेस्कः राजस्थान के जयपुर में एक प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। यह घटना जयपुर के शहीद स्मारक पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान हुई।

थप्पड़ मारने वाले युवक ने अभिजीत दीपके पर “जिहादी मानसिकता” रखने का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद पत्रकारों से बातचीत में आरोपी ने कहा, “ये लोग देश के लोगों को बिना वजह बरगला रहे हैं। मैं जयपुर का रहने वाला हूं, राष्ट्रवादी हूं और किसी भी राजनीतिक दल से मेरा कोई संबंध नहीं है।”

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) सोमवार को नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही थी। कार्यक्रम संयोजक दीपक बलियान ने रविवार को बताया था कि यह प्रदर्शन युवाओं, छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगा। इनमें बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा क्षेत्र में कथित अनियमितताएं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य जनहित के विषय शामिल हैं।

इस प्रदर्शन में पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके, राष्ट्रीय प्रवक्ता अशुतोष रांका समेत कई नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी ने राज्य के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से लोकतांत्रिक अधिकारों तथा जनहित के मुद्दों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।

Exit mobile version