Cockroach Janata Party X account banned : कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट बैन हो गया है। जिसके बाद पार्टी के संस्थापक Abhijeet Dipke ने X अकाउंट बैन होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें पहले से इस बात का डर था। उनके मुताबिक पहले अकाउंट को हैक करने की कोशिश की गई और जब ऐसा नहीं हो पाया तो अकाउंट को भारत में बैन कर दिया गया।

आपको बतादें कि देश के मुख्य न्यायाधीश Justice Surya Kant के एक बयान के बाद सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इसी विवाद के बीच मजाक-मजाक में बनाई गई “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम की ऑनलाइन मुहिम अब चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। लेकिन अब इस पार्टी का X (पहले ट्विटर) अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
यह मामला उस समय शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका की सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं को लेकर एक टिप्पणी की। सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ युवा “कॉकरोच” की तरह होते हैं, जिन्हें न नौकरी मिलती है और न ही किसी पेशे में जगह मिलती है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोग बाद में मीडिया, सोशल मीडिया एक्टिविज्म या RTI एक्टिविज्म में चले जाते हैं और फिर हर किसी पर हमला करने लगते हैं। यह बयान सामने आते ही सोशल media पर तेजी से वायरल हो गया। कई युवाओं ने इसे अपमानजनक बताया और CJI की आलोचना शुरू कर दी।
बयान पर सफाई भी दी गई
विवाद बढ़ने के बाद CJI सूर्यकांत ने अगले ही दिन अपनी बात पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका इशारा सभी युवाओं की तरफ नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल फर्जी डिग्री रखने वाले लोगों की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी बेरोजगार युवा की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। लेकिन इसके बावजूद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
सोशल मीडिया पर मिली जबरदस्त लोकप्रियता
कुछ ही दिनों में “कॉकरोच जनता पार्टी” के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भारी संख्या में फॉलोअर्स जुड़ गए। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर इस पार्टी के 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे। वहीं इसी दौरान इसके फॉलोअर्स की संख्या भाजपा के इंस्टाग्राम पेज से भी ज्यादा बताई गई। भाजपा के इंस्टाग्राम पर लगभग 87 लाख फॉलोअर्स हैं। इस वजह से यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।
भारत में बैन हुआ X अकाउंट
अब जानकारी सामने आई है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” का X अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। हालांकि इसका इंस्टाग्राम पेज अभी भी एक्टिव दिखाई दे रहा है। X अकाउंट बंद होने के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है। कई लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं।
युवाओं से समर्थन की अपील
अभिजीत दिपके ने युवाओं से इस फैसले के खिलाफ आवाज उठाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि लोग सवाल पूछें कि आखिर अकाउंट पर ऐसा क्या था जिसकी वजह से उसे बैन करना पड़ा। उनके अनुसार यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा है।
सोशल मीडिया पर जारी है बहस
इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार बहस जारी है। एक तरफ कुछ लोग CJI की टिप्पणी को गलत बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग मानते हैं कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। अब “कॉकरोच जनता पार्टी” का X अकाउंट बैन होने के बाद यह विवाद और ज्यादा बढ़ता दिखाई दे रहा है।