Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार में ठंड ने पैदा की सिहरन, गर्म हुआ ऊनी कपड़ों का बाजार, गीजर व हीटर की भी बढ़ी मांग

December 12, 2024

बिहार में ठंड ने पैदा की सिहरन, गर्म हुआ ऊनी कपड़ों का बाजार, गीजर व हीटर की भी बढ़ी मांग

पटना : बिहार की राजधानी पटना समेत सभी इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिसंबर के एक सप्ताह गुजर जाने के बाद अब न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान में हो रही गिरावट के बाद ऊनी कपड़ों के बाजार सज गए हैं। जिन ऊनी कपड़ों में ग्राहक नहीं पहुंच रहे थे, वहां भी ग्राहक पहुंचने लगे हैं। पिछले वर्ष की तुलना में नवंबर माह में भी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ी है, लेकिन दो-चार दिनों में ठंड का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के आँकड़ो पर गौर करें तो पांच दिसंबर को पटना का न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि सात दिसंबर को 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद 10 दिसंबर को 14.9 डिग्री सेल्सियस तथा 11 दिसंबर को पटना का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। समस्तीपुर का 11 दिसंबर का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ठंड के आगमन को लेकर बाजार में गर्म कपड़े की जगह-जगह दुकानें सज गई हैं। बाजार में तेज ठंड से बचने के लिए स्वेटर, जैकेट, मफलर की मांग बढ़ गई है। जैकेट सहित गर्म कपड़े खरीदने के लिए रोजाना दुकानों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। आकर्षक वैरायटी के स्वेटर, जैकेट लोगों को आकर्षति कर रहे हैं। इस बार स्वेटर भी आकर्षक वैरायटी के बाजार में उपलब्ध है।

दुकानदारों का कहना है कि यहां सभी तरह के स्वेटर की रेंज उपलब्ध है
पटना उच्च न्यायालय के पास लगे ल्हासा मार्केट में चहल -पहल बढ़ गई है। यहां सभी आयु वर्ग के स्वेटर, जैकेट, गर्म चादर, कंबल, स्कार्फ से दुकान सजे हुए हैं। कश्मीरी उलेन बाजार भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। ल्हासा मार्केट के दुकानदारों का कहना है कि यहां सभी तरह के स्वेटर की रेंज उपलब्ध है। कॉलेज गल्र्स और महिलाओं की भीड़ दो -चार दिनों से आने लगी है। डिजाइनर कार्डगिन की मांग ज्यादा है। इधर, इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी लोग रूम हीटर, ब्लोअर और गीजर लेने पहुंच रहे हैं। शहर के कई मॉल और बाजारों में भी लोग इन सामानों की खरीददारी करने आने लगे हैं। पटना मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो अभी दिसंबर में उतनी ठंड नहीं पड़ रही है जितनी बीतें वर्षों में रही है। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। सुबह और शाम तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को अधिक ठंड का एहसास होगा ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें